खुर्जा। कोतवाली क्षेत्र में जेवर रोड स्थित गांव शाहपुर के मोड़ के निकट बुधवार देर शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने एक कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दंपति गंभीर रुप से घायल हो गए। उपचार के दौरान ले जाते समय युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी को गंभीर हालत में हायर मेडिकल सेंटर भेज दिया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम खुर्जा क्षेत्र के गांव शाहपुर कला निवासी कपिल (24) पुत्र छत्रपाल अपनी पत्नी अनु के साथ इको कार में सवार होकर खुर्जा से वापस लौट रहा था। जब वह जंक्शन चौकी क्षेत्र में जेवर रोड स्थित गांव शाहपुर मोड़ के निकट पहुंचे, तो सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित निजी बस ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे के बाद स्थानीय लोगों व राहगीरों ने घायल दंपति को कार से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों गंभीर हालत में लहुलुहान अवस्था में अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने कपिल को मृत घोषित कर दिया। जबकि, उसकी पत्नी अनु को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर मेडिकल सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। जहां अभी उसका उपचार चल रहा है। वहीं, पुलिस ने कपिल का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।