स्पोटर्स बाइक खरीदने को छात्र ने दी लूट की झूठी सूचना
- पुलिस की पूछताछ के दौरान छात्र ने कबूल की बात
- एक अगस्त को राजेंद्र नगर के खेतान पब्लिक स्कूल के पास लूट की झूठी सूचना पुलिस को दी थी
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। स्पोटर्स बाइक खरीदने के लिए फीस के पैसों की लूट की झूठी सूचना देने वाले एक कॉलेज छात्र को गिरफ्तार किया है। युवक ने क्राइम पेट्रोल सीरियल देखकर लूट की योजना बनाई। जिसके बाद झूठी सूचना पुलिस और परिवार वालों को दी। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने झूठी सूचना देने की बात कबूल की। पुलिस ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एक अगस्त को दिल्ली के शाहदरा एक्सटेंशन में रहने वाले सहज गर्ग ने पुलिस को सूचना दी थी कि राजेंद्र नगर में खेतान पब्लिक स्कूल के पास लूट की सूचना दी थी। जिसकी जांच थाना साहिबाबाद पुलिस कर रही थी। जांच में पुलिस को घटना संदिग्ध लगी। जिसपर बृहस्पतिवार को पुलिस ने सहज गर्ग को राजेंद्र नगर चौकी पर पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस ने कड़ी से पूछताछ की तो सहज ने बताया कि लूट की झूठी सूचना पुलिस को दी थी। उसने बताया कि उसे स्पोटर्स बाइक खरीदनी थी। जिसके लिए उसके घर वाले पैसे नहीं दे रहे थे। जिसके बाद उसने क्राइम पेट्रोल सीरियल देखकर फर्जी लूट की योजना बनाई। जिसके बाद एक अगस्त को उसने पुलिस को लूट की फर्जी सूचना दी। पुलिस ने सहज के पास से 81250 रुपये, एक ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, कॉलेज पहचान पत्र, डेबिट कार्ड, एक मेट्रो कार्ड बरामद किया है।