माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर 11 स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से मंगलवार तड़के चोर गैस कटर से काटकर लाखों की नकदी चोरी कर ले गए। बैंक के कंट्रोल रूम से मैनेजर को सूचना मिली। मैनेजर की सूचना पर इंदिरापुरम पुलिस मौके पर पहुंची। एटीएम में चोरी की सूचना से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। पुलिस ने बैंक मैनेजर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौके से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है।
इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर 11 में एक्सिस बैंक की ब्रांच है। ब्रांच में ही बैंक का एटीएम लगा हुआ है। मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बैंक का एटीएम गैस कटर से काटकर चोरों ने लाखों रुपए का कैश चोरी कर लिया है। एटीएम में चोरी की सूचना से पुलिस के आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एसएसपी कलानिधि नैथानी, एसपी सिटी अभिषेक वर्मा, सीओ इंदिरापुरम अंशु वर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथी फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। एसपी सिटी अभिषेक वर्मा ने बताया कि बैंक मैनेजर की तहरीर पर कैश चोरी होने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कितना रुपया चोरी हुआ है। इसका आकलन बैंक अपने स्तर से कर रहा है। फिलहाल पुलिस को इस बारे में जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। पुलिस की टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे, रात में सक्रिय फोन की डिटेल पर काम कर रही है।