माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। वैभव खंड स्थित गौड़ ग्रीन सिटी सोसायटी के सामने शुक्रवार रात को सड़क पार करने के दौरान कार से टक्कर लगने के बाद हुई सीए वीके निर्मल की मौत के मामले में पुलिस अभी तक आरोपियों को पकड़ नहीं सकी है। इंदिरापुरम पुलिस का दावा है कि वह आरोपी कार सवारों के बेहद करीब है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लेगी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी की कार पर पड़े दिल्ली नंबर की पुलिस ने जांच की तो वह साकेत का निकला। पुलिस उस पते पर पहुंची तो आरोपी कार सवार वहां नहीं मिले। जानकारी हुई कि पूर्व में वह किराए पर थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी इंदिरापुरम में ही अधिक घूमता फिरता था। एसएचओ इंदिरापुरम संजीव शर्मा ने बताया कि पुलिस की दो टीम दिल्ली में आरोपी की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि गौड़ ग्रीन सिटी सोसायटी में वीके निर्मल पत्नी, बेटी और बेटे के साथ रहते थे। वह दिल्ली में सीए थे। शुक्रवार रात को वह टहलने के लिए घर से निकले थे। सड़क पार करने के दौरान कार सवार ने नशे में उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह कार के आगे गिर गए। भागने के प्रयास में आरोपी कार चालक ने काफी दूर तक कार के साथ सीए को घसीट दिया। इसके बाद आरोपी कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। कार में दो आरोपी सवार बताए जा रहे थे। कार से बीयर की केन और पराठा मिला था। पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट पर कार नंबर के आधार पर तहरीर दी थी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर तलाश कर रही है।