अगले बरस तुम जल्दी आना...
- शनिवार को विसर्जित किए गए गणपति बप्पा
- लोगों ने घर और सोसायटी प्रांगण में किया विसर्जन
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। गणपति बप्पा को अगले बरस जल्दी आने की कामना करते हुए लोगों ने शनिवार को उन्हें विसर्जित किया। पिछले दस दिनों से चल रही गणपति बप्पा की पूजा अर्चना का शनिवार को समापन हो गया। लोगों ने इस बार अपने घर आंगन और सोसायटी के प्रांगण में ही गणपति बप्पा को विसर्जित किया।
आम तौर पर बहुत से लोगों ने गणपति को अपने घर में ढाई से पांच दिन के लिए स्थापित किया था। वहीं कुछ लोग ऐसे भी थे जिन्होंने पूरे दस दिन गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना की और शनिवार को विधि विधान के साथ उनका विसर्जन किया। पार्श्वनाथ मैजिस्टिक सोसायटी में रहने वाले अल्पना द्विवेदी ने भी गणपति बप्पा को अपन घर में ही विसर्जित किया। वही राजनगर एक्सटेंशन में रहने वाली भारती शर्मा ने विधि विधान के साथ गणपति बप्पा को सोसायटी प्रांगण में विसर्जित किया और जय कारे लगाए। इस दौरान गणपति बप्पा से आशीष मांगा गया कि वह दुनिया का कोराना महामारी से मुक्त कर दें।
------------