जानकारी के अनुसार, घटना रविवार सायं करीब 4 बजे की है। फरदीन अपने तीन दोस्तों के साथ नाहल झाल पर चक्की वाली छोटी नहर में नहाने लगे, नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गया। साथ के मौजूद दोस्तों ने तुरंत शोर मचाया और पुलिस व स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत और तलाश के बाद पुलिस ने नहर में डूबे युवक का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित कर दिया। परिजनों ने बिना मेडिकल परीक्षण कराये युवक के शव को गांव सुल्तानपुर ले जाकर सोमवार सुबह सुपुर्द ए खाक कर दिया।
युवक फरदीन हापुड़ में फ्लेक्स बोर्ड बनाने का काम करता था। वह चार भाइयों और तीन बहनों में तीसरे नंबर का था। इस दुखद हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए आम जनता से अपील की है कि गंगनहर के गहरे पानी में नहाने से बचें।
एसीपी मसूरी भास्कर वर्मा ने बताया कि रविवार सायं 4 बजे पुलिस को गंगनहर में नहाते समय एक युवक के डूबने की सूचना मिली, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगनहर में डूबे युवक के शव को पानी से बाहर निकाला। युवक की पहचान हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी मुजाहिद उर्फ अप्पू के बेटे फरदीन के रूप में हुई। परिजन बिना मेडिकल परिक्षण कराये युवक के शव को ले गये।