नगर निगम की दोहरी नीतियों और किराया प्रणाली के विरोध में रामानुज दयाल मार्केट के बी और सी ब्लॉक के व्यापारियों का आंदोलन 10वें दिन भी जारी रहा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को व्यापारियों ने गांधीवादी रास्ते पर चलते हुए सत्याग्रह आंदोलन की तर्ज पर मौन उपवास रखा और काली पट्टियां बांधकर अपना कड़ा विरोध जताया।
व्यापारियों की मुख्य मांग है कि नगर निगम मार्केट में लागू किराया प्रणाली को हटाकर संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) लागू करे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि एक ही मार्केट के भीतर दो अलग-अलग नियम थोपे जा रहे हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने दिया समर्थन, घंटाघर तक निकाला पैदल मार्च
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी सुशांत गोयल और कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने धरना स्थल पर पहुंचकर व्यापारियों की मांगों का समर्थन किया। इसके बाद सभी व्यापारियों ने धरना स्थल से लेकर घंटाघर स्थित भगत सिंह की मूर्ति तक पैदल मार्च निकाला। वहां से वापस आकर धरना स्थल पर बैठकर आज का प्रदर्शन समाप्त किया।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले दो दिनों में उनकी सुनवाई नहीं हुई और कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो वे भूख हड़ताल शुरू कर देंगे।
इस मौके पर व्यापारी महेश मित्तल, अजय गर्ग, हार्दिक गर्ग, अरविंद गौतम, प्रदीप शर्मा, भारत बजाज, जयप्रकाश, देवेंद्र गुप्ता, चौधरी साहब, बिट्टू भाई, अनिल जैन, पंकज जैन, अमित कुमार आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।