उधार के पैसों के लिए दोस्त का गला रेता
लोनी। बार्डर थानाक्षेत्र के लालबाग कॉलोनी के पास दोस्त ने उधार के पैसों के लिए दोस्त का गला रेत डाला। मरा हुआ समझकर आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल ने गश्त कर रही पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली के उत्तम नगर कॉलोनी में रोहित कुमार परिवार के साथ रहते हैं। उनके भाई सुमित कुमार ने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनकी मां जिमलेश देवी के फोन पर एक पुलिस कर्मी का फोन आया था। पुलिस कर्मी ने उनके बेटे रोहित के अस्पताल में भर्ती होने की बात बताई थी। वह अपनी मां के साथ अस्पताल पहुंचे। रोहित ने बताया कि उसने अपने दोस्त राहुल से किसी अन्य को पैसे उधार दिलवाए थे। पैसे वापस नहीं देने पर वह राहुल के साथ लालबाग कॉलोनी में पैसे मांगने आया था।
इस दौरान दोनों में विवाद होगा। आरोप है कि राहुल रोहित को जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद राहुल ने धारदार हथियार से उनके गले और शरीर के अन्य अंगों पर वार कर दिया। इसके बाद उसे मरा समझकर जंगल में फेंक दिया। कुछ देर बाद वहां से पुलिस की गाड़ी निकल रही थी। वह किसी तरह पुलिस की गाड़ी तक पहुंचा। यहां पुलिस ने उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। कार्यवाहक एसीपी रवि कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने राहुल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।