बैंक्वेट हॉल में आग, दमकल की छह गाड़ियों ने पाया काबू
साहिबाबाद। अर्थला के सेलिब्रेशन बैंक्वेट हॉल में शुक्रवार सुबह करीब 9:33 बजे अचानक आग लग गई। दीवार के पास पड़े कूड़े और सामान से आग तेजी से फैलने लगी। गनीमत रही कि आग लगने के समय बैंक्वेट हॉल में कोई कार्यक्रम नहीं था। आग से वहां रखा टेंट और डेकोरेशन का सामान जल गया। सूचना पर साहिबाबाद स्टेशन से अग्निशमन की छह गाड़ियों की मदद से दमकल कर्मियों ने आग पर डेढ़ घंटे में काबू पाया।
वहीं हिंडन नदी हज हाउस के पास चलती ऑल्टो में आग लग गई। गाड़ी का चालक नशे में था। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि सेलिब्रेशन बैंक्वेट हॉल में आग की सूचना पर साहिबाबाद स्टेशन से दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थीं। बैंक्वेट हॉल के बाहर ऊर्जा निगम का ट्रांसफार्मर भी रखा था। चार पहिया वाहन भी खड़े थे। आग फैलने के बावजूद बिजली के तार या इन वाहनों तक नहीं पहुंची। जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने का कारण का पता नहीं चल पाया है।
हज हाउस के सामने चलती गाड़ी में लगी आग
साहिबाबाद फायर स्टेशन अफसर सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मुरादनगर के आयुष निर्माणी इस्टेट निवासी विनय पाल शुक्रवार सुबह साढ़े पांच बजे दिल्ली की तरफ से आ रहा था। हिंडन नदी हज हाउस के पास अचानक उसकी ऑल्टो गाड़ी में आग लग गई। वह नशे में था। राहगीरों ने गेट खोलकर उसे बाहर निकाला और दमकल केंद्र को सूचना दी। मौके पर एक गाड़ी की मदद से अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझा दी। इसमें शार्ट सर्किट से आग लगने का कारण सामने आ रहा है।