सराफ की दुकान का तोड़ा ताला, शटर उखाड़कर 40 लाख की चोरी
कौशांबी। भोवापुर में सोमवार तड़के चोरों ने सराफ की दुकान का शटर उठाकर 35 लाख रुपये के जेवरात और 4.50 लाख की नकदी चोरी कर ली। चोरों ने बराबर में दूसरी सराफ की दुकान का भी ताला तोड़ा। वारदात के बाद जाते चोरों का वीडियो भी सामने आया है।
कृष्णानगर दिल्ली निवासी आरके वर्मा ने बताया कि उनकी भोवापुर में वर्मा ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। वह रविवार रात को करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर गए थे। उनके पास तड़के तीन बजकर 24 मिनट पर पड़ोसी सराफ गुरुदत्त का फोन आया। वह तत्काल दुकान पर पहुंचे तो देेखा कि उनकी दुकान का शटर टूटा हुआ है। चोरों ने दुकान के अंदर तीनों लॉकर तोड़कर अलमारी में रखी करीब 350 ग्राम सोने के गहने, 28 किलो चांदी के गहने और 4.50 लाख नकदी चुरा ली थी। जेवरात की कीमत करीब 35-36 लाख रुपये हैं। उन्होंने बताया कि चोरों ने पहले बराबर में गुरू ज्वैलर्स की दुकान का ताला तोड़ा था लेकिन दुकान में लोहे की ग्रिल लगी होने के कारण चोरी करने में असफल रहे।
दुकान से निकल रहे चोरों का एक युवक ने बनाया वीडियो
सराफ आरके वर्मा ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद दुकान से निकल रहे चोरों का एक युवक ने वीडियो बना लिया था। हालांकि उसने डर की वजह से शोर नहीं मचाया। बाद में युवक ने यह वीडियो उनको दी। दुकान पर सीसीटीवी नहीं लगा था और दूसरे सराफ की दुकान पर लगे सीसीटीवी का नाइट विजन काम नहीं कर रहा था। वीडियो में चोरों के वारदात को अंजाम देने के दौरान दो लोग स्कूटी पर भी आए थे। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज खंगालकर स्कूटी का नंबर निकालने और दोनों युवकों की पहचान कराने पर जोर दिया है। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरों की तलाश में टीम को लगाया गया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
सराफा कारोबारियों में रोष, जल्द देंगे धरना
वीवीआईपी ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीके वर्मा ने बताया कि इस घटना को लेकर सराफा बंधुओं में बहुत रोष है। सभी ने सोमवार सुबह को कौशांबी थाने पहुंचकर जल्द से जल्द घटना के खुलासे की मांग की। थाना प्रभारी ने 72 घंटे में घटना के खुलासा का आश्वासन दिया है। उन्होंने जल्द से जल्द चोरों के नहीं पकड़े जाने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी। थाने पहुंचने वालों में मनीष, ऋषि सिंह, सिद्धार्थ, राजीव, अनुज, धीरज आदि शामिल रहे।