बेडरूम में लिंटर का मलबा टूटकर गिरा, महिला घायल
साहिबाबाद। राजेंद्र नगर सेक्टर-3 में बृहस्पतिवार दोपहर बेडरूम में चार महीने की बच्ची और महिला पर लिंटर का मलबा टूटकर अचानक गिर गया। हादसे में महिला घायल हो गई जबकि बच्ची बाल-बाल बच गई। मामले में महिला के पति वैभव गुप्ता ने बिल्डर अमरनाथ मित्तल पर लापरवाही का आरोप लगा साहिबाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
वैभव का कहना है कि उन्होंने बिल्डर अमरनाथ मित्तल से राजेंद्र नगर सेक्टर-3 में फ्लैट खरीदा था। तभी बिल्डर ने उन्हें अच्छी गुणवत्ता की सामग्री लगाने का आश्वासन दिया था। दोपहर 12 बजे बेडरूम में उसकी पत्नी बेबी रानी और उनकी चार महीने के बेटी सो रही थी। तभी अचानक लिंटर का मलबा भरभराकर दोनों के ऊपर गिर गया। बच्ची को उन्होंने किसी तरह बचा लिया लेकिन, हाथ में चोट लगने से वह घायल हो गईं। आरोप है कि जब इस बारे में बिल्डर से शिकायत की तो बिल्डर का कहना था कि ऐसे हादसे होते रहते हैं। बिल्डर के इस गैर जिम्मेदाराना रवैये से वैभव का परिवार गुस्से में है। साहिबाबाद थाना प्रभारी सचिन मलिक का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।