चौकी के पास ठेके का ताला तोड़कर 1.12 लाख की शराब चोरी
इंदिरापुरम। अभयखंड चौकी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 के किनारे मकनपुर में एक ठेके का ताला तोड़कर चोर एक लाख 12 हजार की शराब और गल्ले से 15 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। चोरों ने ठेके का सीसीटीवी भी तोड़ दिया।
नेहरू नगर निवासी सोनू गुप्ता का मकनपुर में अंग्रेजी शराब का ठेका है। रात करीब 11 बजे वह ठेके को बंद कर घर चले गए। इसके बाद चोरों ने ठेके के शटर का ताला तोड़कर उसे उखाड़ लिया। चोरों ने वहां पहले शराब पी और फिर एक लाख 12 हजार रुपये कीमत की बोतलें व गल्ले में रखे 15 हजार रुपये चोरी कर लिए। चोरों ने वारदात के दौरान पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरे को मोड़कर तोड़ दिया जबकि डीवीआर में रिकॉर्डिंग पहले से नहीं हो रही थी। इंदिरापुरम थाना प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर का कहना है कि चोरों की पहचान के लिए आसपास सीसीटीवी खंगाल रहे हैं।