गर्दन पर ब्लेड मारकर लूटी स्कूटी
साहिबाबाद। भोपुरा रोड पर शनिवार सुबह साढ़े दस बजे बदमाशों ने विक्रम एंकलेव निवासी अरमान की गर्दन पर ब्लेड मारकर स्कूटी लूट ली। घायल अवस्था में लोग उसे निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने उपचार के बाद घर भेज दिया। आरोप है कि पुलिस ने उससे शिकायत स्कूटी गायब होने की लिखने के लिए कहा। फिलहाल पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
अरमान का कहना है कि वह एक कंपनी में सामान की सप्लाई का काम करता है। शनिवार सुबह वह दोस्त की स्कूटी लेकर भोपुरा रोड पर पेट्रोल भरवाने गया था। वापस घर आते हुए रास्ते में सबसे पहले दो नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। फिर पीछे से दो अन्य बदमाश आए और उसकी गर्दन पर ब्लेड मारकर स्कूटी लूटकर फरार हो गया। लहूलुहान अवस्था में उसने बदमाशों को पकड़ने के लिए शोर भी मचाया, लेकिन किसी राहगीर ने मदद नहीं की। घायल अवस्था में वह सड़क पर गिर गया। आसपास वाहन चालकों ने उसकी मदद कर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उपचार के बाद छुट्टी दे दी। फिर पुलिस को सूचना दी। साहिबाबाद थाना प्रभारी सचिन मलिक का कहना है कि जांच पड़ताल में मामला लेन-देन का सामने आ रहा है। वादी पक्ष को घटना की अधिक जानकारी लेने के लिए फोन से बुलाया गया है लेकिन वो अभी तक थाने नहीं पहुंचा है।