छात्रा को पीटकर स्कूल से निकालने का आरोप
साहिबाबाद। हिंडन एयरफोर्स स्टेशन के केंद्रीय विद्यालय-2 में सातवीं कक्षा की एक छात्रा को शिक्षिका द्वारा पीटकर बाहर निकालने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कैंटीन में किसी बच्चे ने गलत शब्द बोल दिया था। इस पर शिक्षिका ने छात्रा से बिना कुछ पूछे उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। अभिभावकों के विरोध करने पर स्कूल प्रबंधन ने छात्रा की टीसी काटने की धमकी देकर उसके रंग और रूप को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। साहिबाबाद थाने में स्कूल की शिक्षिका ऊषा सिंह, रेशू मलिक और उप प्रधानाचार्य पर मुकदमा हुआ है।
छात्रा के अभिभावक ने साहिबाबाद थाने में दी शिकायत में बताया कि घटना 11 नवंबर की है। उनकी बेटी कैंटीन में बैठकर खाना खा रही थी। तभी किसी बच्चे ने जोर से गलत शब्द बोल दिया। इसे सुनकर शिक्षिका ने अन्य बच्चों के कहने पर छात्रा की पिटाई कर दी जिससे छात्रा का गाल सूज गया। इतना ही नहीं, छात्रा को घर पर घटना के बारे में बताने पर टीसी काटने की धमकी दी। आरोप है कि शिक्षिका ने छात्रा के रंग और रूप को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। इससे छात्रा मानसिक दबाव में आ गई है। छात्रा को प्रबंधन स्कूल में प्रवेश नहीं देने दे रहा है। छात्रा के पिता ने मारपीट और अभद्र भाषा व गाली-गलौज के आरोप में केंद्रीय विद्यालय-2 की शिक्षिका ऊषा सिंह, रेशू मलिक और उप प्रधानाचार्य के खिलाफ मुकदमा कराया है। साहिबाबाद थाना प्रभारी सचिन मलिक का कहना है कि मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में उप प्रधानाचार्या को फोन किया गया तो उन्होंने फोन उठाकर बात करने से मना कर दिया।