रामप्रस्था ग्रीन के गेट पर महिला से दिनदहाड़े चेन लूटने का प्रयास
वैशाली। रामप्रस्था ग्रीन सोसायटी के गेट नंबर-2 पर बृहस्पतिवार दोपहर लुटेरों ने पर्ल अपार्टमेंट निवासी अर्चना चौधरी के गले से चेन लूटने के लिए झपट्टा मारा। गनीमत रही कि लुटेरे चेन लूटने में सफल नहीं हुए। सुरक्षा गार्ड राजेश ने लुटेरों का पीछा किया लेकिन सड़क पर गिरकर चोटिल हो गया।
अर्चना चौधरी के पति अभय चौधरी स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्माण भवन ऑफिस में प्रोजेक्ट मैनेजर हैं। बेटा शिवाय वैशाली के एक स्कूल में पढ़ता है। बृहस्पतिवार की दोपहर एक बजे अर्चना शिवाय को स्कूल से लेकर घर जा रही थी। सोसायटी के गेट नंबर-2 पर पहुंचते ही बाइक सवार दो लुटेरों ने पीछे से कुछ आवाज दी। उसे सुनकर जैसे ही वह पीछे मुड़ीं तभी बाइक पर पीछे बैठे लुटेरे ने उनके गले से चेन लूटने के लिए झपट्टा मार दिया। अर्चना ने लुटेरों को पकड़ने के लिए शोर मचाया। गार्ड राजेश और एक अन्य युवक ने लुटेरों का पीछा किया लेकिन लुटेरे सड़क पार कर तेजी से फरार हो गए। इसके बाद अर्चना ने देखा कि चेन उनके कपड़े में ही अटकी हुई है। इंदिरापुरम थाना प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर का कहना है कि लुटेरों की पहचान के लिए सीसीटीवी चेक कर रहे हैं। एक लुटेरे ने हेलमेट पहना था। मामले में लिखित शिकायत नहीं आई है।