घर के बाहर खेलता डेढ़ साल का बच्चा अगवा
साहिबाबाद। कड़कड़ मॉडल गांव से सोमवार शाम डेढ़ साल के बच्चे का अगवा होना सामने आया है। वारदात के दौरान बच्चे की मां घर में झाडू लगा रही थी और बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। इसी बीच बच्चा लापता हो गया। परिजन ने लिंक रोड थाने में बच्चे के अगवा होने का केस दर्ज कराया है। पुलिस टीमें बच्चे की तलाश में जुटी हैं। बच्चे को पैसे देकर एक युवक के उठा ले जाने की बात भी सामने आई है।
एटा जनपद के जलेसर गांव के मूल निवासी प्रशांत परिवार संग कड़कड़ मॉडल में रहते हैं। प्रशांत ने बताया कि सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे पत्नी किरन घर में थी। इसी दौरान उनका डेढ़ वर्षीय बेटा किट्टू उर्फ आरव घर के बाहर बनी पैडी पर खेलने लगा। जैसी ही पत्नी झाडू लगाकर बाहर आयी तो आरव नहीं दिखा। पत्नी ने आसपास तलाश करते हुए आरव के बारे में पड़ोस में भी पूछा लेकिन कोई भी जानकारी नहीं मिल सकी। पत्नी ने फोन कर प्रशांत को बताई। इसी बीच एक पड़ोसी ने बताया कि पीली टीशर्ट पहने एक युवक ने उनके बेटे को पांच रुपये का सिक्का दिया फिर बच्चे को बहलाकर अपने साथ ले गया। पड़ोसी को लगा कि प्रशांत का कोई रिश्तेदार है। इससे पड़ोसी ने युवक को नहीं टोका। हालांकि सीसीटीवी में युवक के पीछे का हिस्सा दिखाई दिया है। वहीं बच्चा नहीं मिलने पर प्रशांत ने शाम करीब साढ़े छह बजे घटना की जानकारी पुलिस को दी। वहीं लोगों में एक कामकाजी महिला द्वारा बच्चे को झंडापुर के पास रोते बिलखते देखे जाने और युवक संग बच्चे को गोद ले जाते दिखने की भी चर्चा है।
दो दिन से घर में नहीं जला चूल्हा
प्रशांत के डेढ़ वर्ष के बेटे किट्टू के अलावा तीन साल की बेटी परी भी है। वह कोरोना काल से पहले भी कड़कड मॉडल में रहे थे। अब करीब डेढ़ साल से वेदू राणा के मकान में किराये पर रह रहे हैं। प्रशांत की पत्नी ने बताया कि आरव मां का ही दूध पीता था। वह नाममात्र का खाना खाता था। इसको लेकर भी पत्नी काफी चिंतित है। आरव की बहन भी भाई के बारे में पूछ रही है। बच्चे के नहीं मिलने से प्रशांत और उनकी पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। घर में दो दिन से चूल्हा भी नहीं जला है।
फोन कॉल खंगाल रही पुलिस
पुलिस टीम पीड़ित परिजन के मोबाइल कॉल भी खंगाल रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में प्रशांत की पत्नी के पास एक किसी अंजान नंबर से फोन कॉल आना भी सामने आया है। इसी के आधार पर गहनता से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सोमवार को कड़कड़ मॉडल और मंगलवार को झंडापुर गांव में लोगों से पूछताछ की गई। एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चे के अगवा होने का मुकदमा दर्ज कर तलाश कराई जा रही है।