गाजियाबाद के लोनी के बंथला चिरोड़ी मार्ग से इरशाद उर्फ सोनू मुठभेड़ के बाद जब पुलिस के हत्थे चढ़ा तो अपने गुनाहों की माफी मांगते हुए नजर आया। सोशल मीडिया पर इरशाद का गिरफ्तारी के दौरान का एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें वह बोल रहा है कि गाय हमारी माता है।
पुलिस के अनुसार मूलरूप से बागपत बड़ौत का रहने वाला इरशाद हाल ही में मुस्तफाबाद कॉलोनी में रह रहा था। इरशाद पर साहिबाबाद, लोनी थाने पर गोवध एक्ट, एससीएसटी एक्ट समेत अलग-अलग धाराओं पर छह मुकदमे दर्ज हैं।
इरशाद लोनी में क्षेत्र में आवारा पशुओं को पकड़कर उनका वध करता था। हाल ही में उसने कस्बा पुलिस चौकी क्षेत्र में पशुवध की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने जब इरशाद को गिरफ्तार किया, तो उसके एक पैर में पहले से ही चोट लगी हुई थी। चोट लगने के बाद भी वह बाइक चला रहा था।
पुलिस से जब मुठभेड़ हुई, तो पुलिस की गोली इरशाद के दूसरे पैर में लगी। गोली लगने से घायल इरशाद को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। इरशाद के कब्जे से पुलिस ने बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।