गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन की फॉर्च्यून सोसायटी में परिषदीय शिक्षक रहीं प्रीति सिरोही के फ्लैट का ताला तोड़कर चोर करीब 20 लाख के गहने और नकदी चोरी कर ले गए। प्रीति 23 अक्तूबर को अपने परिवार के साथ दीवाली मनाने बुलंदशहर में बीबीनगर के सेहरा गांव गई थीं। 27 अक्तूबर की शाम को वापस आने पर उन्हें चोरी का पता चला। प्रीति के बेटे हर्ष ने 112 पर पुलिस से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन कॉल नहीं लगा। ऐसे में हर्ष खुद चौकी गया और पुलिस को सूचना दी।
प्रीति के बेटे हर्ष ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम जब वह वापस आए तो उन्हें फ्लैट के मेन गेट का ताला टूटा मिला। अंदर गए तो कमरों में सारा सामान बिखरा पड़ा था सोफे व गद्दे फटे मिले। अलमारी के भी ताले टूटे मिले। उन्होने लॉकर में रखा सामान देखा तो गायब मिला।
उन्होंने पुलिस को बताया कि आठ सोने के कड़े, 12 अंगूठी, एक डायमंड की अंगूठी, एक कंठी माला समेत अन्य चांदी का सामान और 25 हजार की नकदी चोरी हुई है। नंदग्राम पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं चोरों को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।
राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में लगा रही चोरी व स्नैचिंग की वारदात से परेशान होकर बृहस्पतिवार रात रेजिडेंट्स एक्सटेंशन रोड पर हंगामा कर जाम लगा दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया।