पुलिस ने मेरठ जाकर चिकित्सकों के बयान किए दर्ज
खोड़ा। थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस मंगलवार को मेरठ गई। पुलिस ने चिकित्सकों के बयान दर्ज किए। पुलिस आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने को मजबूत साक्ष्य एकत्र कर रही है।
थाना प्रभारी अल्ताफ अंसारी ने बताया कि बच्ची से दुष्कर्म मामले की तेजी से जांच चल रही है। साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस टीम मंगलवार को मेरठ मेडिकल कॉलेज गई। अस्पताल में बच्ची का उपचार करने वाले चिकित्सकों के बयान दर्ज कराए गए। डीएनए जांच का नमूना लेने वाले चिकित्सक के बयान भी दर्ज किए गए। अब पुलिस बच्ची के स्वस्थ होने का भी इंतजार कर रही है। पुलिस अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद बच्ची संग मौका मुआयना करेगी। पुलिस मामले में ठोस साक्ष्य एकत्र कर रही है ताकि पूरक आरोप पत्र दाखिल किया जा सके।
यह था मामला
खोड़ा थाना क्षेत्र की 12 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता के माता-पिता कामगार हैं। उसे आठ माह का गर्भ होने पर परिवार के लोगों ने पूछा तो पता चला कि वह सामूहिक दुष्कर्म की शिकार हुई है। परिजन ने पांच सितंबर को दो सगे भाई समेत तीन युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दुष्कर्म पीड़िता ने पांच अक्तूबर को एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में बच्चे को जन्म दिया था। अभी नवजात मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू व पीड़िता गायनिक वार्ड में है। दोनों स्वस्थ हैं जबकि तीनों आरोपी जेल में हैं और आरोपियों की सहेली बाल सुधार गृह में है। डीएनए की जांच भी कराई जा रही है।