बेटी होने पर ससुर करता है मारपीट, कसता है तंज
इंदिरापुरम। थाना क्षेत्र की एक महिला ने ससुर और अन्य तीन लोगों पर अश्लीलता, मारपीट व छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि शादी होने से नाखुश ससुर और अन्य लोग अब बेटी पैदा होने पर उस पर तंज कसते हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
चंडीगढ़ की रहने वाली युवती की शादी 2016 में यहां के युवक के साथ हुई थी लेकिन ससुर और अन्य लोग इस शादी से खुश नहीं थे। वह और रुपयों की मांग कर रहे थे। 2018 में उन्हें एक बेटी हुई थी। अब महिला के पति कारोबार की वजह से ज्यादातर समय बाहर ही रहते हैं। आरोप है कि ससुर मकान बेचने के लिए एक प्रापर्टी डीलर को घर में बुलाकर नशा कराते हैं। विवाद बढ़ने की वजह से अपने मायके चली गई थी। वहां से 29 अगस्त को वापस घर आई तो ससुर के साथ अन्य लोगों ने महिला को जबरन घर से बाहर निकालने के लिए उससे मारपीट की। जब उसने विरोध किया तो अकेला पाकर उसके साथ अश्लील हरकत की गई। उसने शोर मचाकर अन्य लोगों को एकत्रित कर लिया तब आरोपी महिला को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इंदिरापुरम थाना प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर का कहना है कि ससुर समेत तीन लोगों के खिलाफ मारपीट, छेड़छाड़ और अश्लील हरकत व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से फरार आरोपियों की तलाश कर रहे हैं।