सेक्टर 12-14 के ज्वाइंट रोड पर सड़क हादसे में छह साल की मिस्टी उर्फ बिट्टू की मौत के मामले में इंदिरापुरम पुलिस ने चालक विजय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने आरोपी की गाड़ी को भी जब्त किया है। इंदिरापुरम थाना प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर ने बताया कि चालक विजय निवासी सेक्टर-12 वसुंधरा को घर के पास से ही गिरफ्तार किया है। वह घटना के बाद से फरार चल रहा था। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया। वहीं, मिस्टी के पिता रिंकू राज शर्मा उर्फ जसवंत शर्मा ने बृहस्पतिवार को आरोपी चालक के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी।
उनका आरोप है कि उनकी बेटी और बेटा दोनों एक साथ सड़क पार कर रहे थे तभी परशुराम चौक की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही गाड़ी ने मिस्टी को कुचल दिया। गंभीर हालत में लोगों ने बेटी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भाजपा के पूर्व विधायक रूप चौधरी ने मामले में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज न करने की शिकायत सीएम योगी से की थी।