बिहार भेजनी थी शराब, पुलिस के डर से जलाई 10 पेटी
साहिबाबाद। बॉर्डर स्थित न्यू ढिल्लन स्टार कैरियर के गोदाम में बृहस्पतिवार सुबह आग लगने की सूचना पर पहुंची साहिबाबाद पुलिस ने तीन कर्मचारियों को हरियाणा मार्का की शराब के साथ पकड़ लिया। तीनों पुलिस के डर से शराब की 10 पेटियां जला रहे थे। पूछताछ में बताया कि शराब दिल्ली से बिहार जानी थी। पुलिस ने गोदाम से 12 पेटी शराब बरामद की। वहीं, ट्रांसपोर्टर भगत सिंह फरार है।
पुलिस अधीक्षक द्वितीय ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एक राहगीर ने ट्रांसपोर्ट नगर के गोदाम में आग लगने की सूचना दी थी। उपनिरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा पुलिसकर्मियों को लेकर कर्मचारियों के बचाने के लिए मौके पर पहुंचे। तो वहां तीन लोग पेटियां जला रहे थे। उनसे पेटियां जलाने के बारे में पूछा तो वे इधर-उधर की बात करने लगे। शक होने पर पुलिस ने गोदाम में जांच की तो हरियाणा मार्का की शराब मिली जो खाने-पीने के पैकेटों में पैक की हुई थी। टीम ने साहिबाबाद थाने को सूचना दी और तीनों कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। तीनों की पहचान सत्यपाल मंडल निवासी बैलाई मधुबनी बिहार और बलक राणा निवासी कांगन हिमांचल प्रदेश, विक्कल निवासी औरंगाबाद जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। तीनों कर्मचारी जनकपुरी और गौतमबुधनगर में रहते हैं। इनमें विक्कल गाड़ी से शराब की तस्करी करता है। पुलिस के पहुंचने से पहले तीनों शराब की 10 पेटियां जला चुके थे। उन्हें शराब की तस्करी 20 अगस्त तक करनी थी लेकिन स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस की जगह चेकिंग के कारण तीनों बिहार में तस्करी करने में सफल नहीं हो पाए।