तुलसी निकेतन में छह अगस्त की रात की गई फिरोज की हत्या की गुत्थी उलझ गई है। वजह यह है कि प्रीति ने हत्या की जो वजह बताई, वह अब किसी के गले नहीं उतर रही। उसने कहा था कि वह फिरोज से शादी करना चाहती थी, उसके इनकार करने पर हत्या की। लेकिन, शुक्रवार को फिरोज के परिजनों ने पुलिस को दोनों का निकाहनामा सौंप दिया। निकाह के वक्त की प्रीति की फोटो भी पुलिस को दे दी। अब सवाल यह है कि जब निकाह हो चुका था तो शादी से इनकार पर हत्या की बात कैसे सही हो सकती है? इसके जवाब के लिए पुलिस प्रीति को रिमांड पर लेगी।
टीला मोड़ थाने पहुंची फिरोज की मां नसरीन ने कहा, प्रीति अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन कर रुखसार बन चुकी थी। दोनों के निकाह के बाद इसका पंजीकरण भी कराया गया था। इसके दस्तावेज भी पुलिस को सौंप दिए हैं। निकाह के बाद प्रीति कई बार घर आई थी। वे लोग लोनी के अल्वी नगर में रहते हैं। उसने कभी कोई परेशानी नहीं बताई।