अभिनेता प्रियांक ने मारपीट के मामले में दी पुलिस को शिकायत
कौशांबी। अभिनेता प्रियांक शर्मा ने मारपीट के मामले में कौशांबी थाने में पुलिस को शिकायत दी है। मामला 30 जुलाई का है। वह पिता के साथ अपनी मां का चेकअप कराने के लिए कौशांबी के निजी अस्पताल में गए थे। वहां अचानक उन पर हमला हो गया। पुलिस जांच में मामला पारिवारिक विवाद का सामने आया है।
पिछले दिनों वह मुंबई से अपने घर आए हुए थे। अचानक मां की तबीयत खराब होने पर वह उन्हें चेकअप के लिए कौशांबी के अस्पताल ले गए। पिता और मां के साथ वह बाहर की तरफ लौटे थे कि अचानक गेट के पास किसी बात पर युवक से विवाद हो गया था। अस्पताल के सुरक्षा गार्डों ने दोनों को छुड़ाकर मामला शांत कराया। विवाद के बाद वह मां-पिता के साथ घर चले गए। अब कौशांबी थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। कौशांबी थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह का कहना है कि जीजा-साले के बीच विवाद हुआ था। जीजा को पकड़कर शांति भंग की धारा में कार्रवाई की गई।