फर्जी दस्तावेज से शातिर ने खरीदे एलईडी, वॉशिंग मशीन और फोन
इंदिरापुरम। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर टीला मोड़ क्षेत्र के अमित ने विनोद कुमार बनकर नोएडा, ग्रेटर नोएडा, शालीमार गार्डन और इंदिरापुरम के डीलरों से इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण खरीदकर हजारों रुपये का चूना लगा दिया। फाइनेंस कंपनी की जांच में शातिर का भंडाफोड़ होने पर इंदिरापुरम थाने में उसके खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। कौशांबी निवासी शशिकांत तिवारी का कहना है कि टीला मोड़ की पंचशील कॉलोनी निवासी अमित कुमार ने फर्जी तरीके से पैन और आधार कार्ड बनवाए हुए हैं। उन दस्तावेजों पर उसने 14 जुलाई को 20 हजार कीमत का एलईडी, 41 हजार 550 रुपये का एसी गौड़ सिटी मॉल ग्रेटर नोएडा से खरीदा था। इससे पहले नौ अप्रैल को 26 हजार कीमत का एलईडी, 13 हजार कीमत का फोन व वॉशिंग मशीन, फिर 20 अप्रैल को 20 हजार रुपये का फोन खरीदा था। आरोपी ने सभी डीलरों को विनोद नाम के ही दस्तावेज जमा कराए। कुछ माह तक उसने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की किस्त जमा की लेकिन जब रुपये नहीं आए तो कंपनी ने जांच कर पूरा फर्जीवाड़ा पकड़ लिया। इंदिरापुरम थाना प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।