फैक्टरी के बाहर से सेंट्रो कार सवार युवकों ने चोरी किया ट्रक
साहिबाबाद। लोनी-मोहननगर रोड पर सेंट्रो कार सवार चोर थर्माकोल रिसाइकिल फैक्टरी के बाहर खड़े ट्रक को चोरी कर ले गए। घटना रात करीब ढाई बजे की है। पुलिस सीसीटीवी की फुटेज लेकर जांच कर रही है।
शांति लाल जैन की लोनी-मोहननगर रोड पर फैक्टरी है। नगर निगम और अन्य संस्थाओं से थर्माकोल लाकर उसे रिसाइकिल करने का काम होता है। 20 जुलाई की रात करीब ढाई बजे फैक्टरी का ट्रक सामान उतरने के बाद गेट के पास खड़ा था। कुछ देर बाद सेंट्रो कार में सवार दो-तीन संदिग्ध ट्रक के पास आकर खड़े हो गए। जैसे ही कर्मचारी बाहर की तरफ आए तो चोर कार लेकर आगे बढ़ गए। कुछ देर बाद फिर से वह ट्रक के पास पहुंचे और एक चालक ने उतरकर मास्टर चाबी से ट्रक का गेट खोलकर उसे स्टार्ट कर लिया। उद्यमी के बेटे ने गाड़ी स्टार्ट होने पर चालक को फोन कर किसी जगह जाने के बारे में पूछा तो उसने मना कर दिया। शक होने पर तुरंत सभी लोग बाहर की तरफ दौड़े। तब तक चोर तेज रफ्तार में ट्रक लेकर फरार हो गया। उन्होंने तुरंत साहिबाबाद पुलिस को शिकायत दी। दूसरी तरफ खोड़ा अनिल विहार निवासी उदित बंसल का कहना है कि वह छत पर सो रहा था। 27 मार्च को चोर उनका मोबाइल चोरी कर भाग गया। अब साढ़े तीन माह बाद सर्विलांस की मदद से लोकेशन मिलने पर पुलिस ने उनसे दूसरी तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक द्वितीय ज्ञानेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे से ट्रक चोरों की पहचान कर रहे हैं।