सोतीगंज में बंद हुआ तो हरियाणा में शुरू किया कटान
गाजियाबाद। वाहन चोरी कर कटान के नाम से मशहूर सोतीगंज बंद होने के बाद गिरोह ने हरियाणा के सोनीपत में वाहन कटान का ठिकाना बना लिया। यह अंतरराज्यीय गिरोह दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के इलाकों से कार व बाइक चोरी कर वहां ले जाकर काटते हैं। इसका खुलासा शुक्रवार को कविनगर में गिरोह के सरगना के पकड़े जाने पर हुआ है। इस गिरोह ने दिल्ली एनसीआर में एक हजार से अधिक वाहन चोरी कर काट चुके हैं। गिरोह का सरगना जोगेंद्र 20 साल से वाहन चोरी कर कटान करने का काम कर रहा है। कविनगर पुलिस ने गिरोह के पास से छह कार और सात दोपहिया वाहन समेत कटे हुए वाहनों के पार्ट्स बरामद किए हैं।
सीओ कविनगर अवनीश कुमार ने बताया कि गिरोह के चार सदस्य पकड़े गए हैं। इनमें से तीन हरियाणा सोनीपत और एक हापुड़ का रहने वाला है। जोगेंद्र हापुड़ के गांव गोयना, संदीप शर्मा उर्फ गल्ला, साहिल और रामसुशील चौपाल हरियाण के सोनीपत का है। रामसुशील मूलरूप से बरगांव कुशेश्वर बिहार का रहने वाला है। गिरोह का सरगना हापुड़ के गांव गोयना निवासी जोगेंद्र है। जोगेंद्र और संदीप वाहन चोरी करते थे। रामसुशील और साहिल सोनीपत में वाहन कटान करते थे और मैकेनिक को उनके पार्ट्स बेचते थे। गिरोह का एक सदस्य हापुड़ के बदनौली निवासी नीरज फरार है।
पहले सोतीगंज में खपाते थे वाहन
कविनगर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पूछताछ में गिरोह के सरगना जोगेंद्र ने बताया कि पहले वह नीरज के साथ चोरी के वाहन मेरठ के सोतीगंज में कटवाते थे लेकिन वहां वाहन कटान बंद होने के बाद वह जगह तलाश रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात हरियाणा के संदीप शर्मा से हुई तो उसके साथ मिलकर उसने सोनीपत में ठिकाना बनाकर वाहन कटान शुरू कर दिया। गिरोह में रामसुशील, साहिल भी शामिल हो गए।
कविनगर से की सबसे ज्यादा चोरी, आधे घंटे में काट देते थे कार
पूछताछ में वाहन चोरों ने बताया कि वह पुरानी गाड़ियों को चुराते हैं क्योंकि उनके लॉक आसानी से खुल जाते हैं। गाजियाबाद में कविनगर से उन्होंने सबसे ज्यादा वाहन चोरी की है। यहां से वाहन चोरी करके वह एक्सप्रेस व अन्य रास्तों से सोनीपत पहुंच जाते थे और आधे घंटे में कार को पुर्जे-पुर्जे अलग कर देते हैं। दोपहिया वाहन को 15 से 20 मिनट में काट देते हैं।
सरगना पर हैं 37 मुकदमें, 10 बार जा चुका है जेल
गिरोह के सरगना जोगेंद्र पर वाहन चोरी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर और हत्या करने के प्रयास के 37 मुकदमें हापुड़, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, मुजफ्फनगर, गाजियाबाद के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। जोगेंद्र 10 बार जेल जा चुका है। वहीं संदीप शर्मा उर्फ गल्ला, रामसुशील और साहिल पर आठ-आठ मुकदमें दर्ज हैं।
जेल में 10वीं अब 12वीं भी जेल में होगी
सरगना जोगेंद्र ने जेल में रहते हुए ही 2020 में 10वीं की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वह जेल से छूट गया तो उसने फिर से वाहन चोरी करना शुरू कर दिया। इस बीच वह कई बार जेल जा चुका है। हाल में नौ जुलाई को जोगेंद्र जेल से बाहर आया है। अब फिर से वाहन चोरी के मामले में पकड़ा गया। उनसे बताया कि अब वह जेल में रहकर 12वीं की पढ़ाई करेगा।