छेड़छाड़ के विरोध पर परिवार से मारपीट
साहिबाबाद। थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में छात्रा से छेड़छाड़ का विरोध करने पर मनचलों ने परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि मनचला छात्रा के स्कूल आने-जाने पर अश्लील हरकत व छेड़छाड़ करता है। परिवार के सदस्यों ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। छात्रा के पिता का कहना है कि उनकी बेटी निजी स्कूल में पढ़ाई करती है। वह सुबह को जब पढ़ने जाती है तो कॉलोनी का मनचला उससे छेड़छाड़ करता है। विरोध करने पर मारपीट करने की धमकी भी देता है। आरोपी ने 25 दिन पूर्व भी अश्लील हरकत व बदतमीजी की थी, तब आसपास लोगों ने उसे समझा दिया था। आरोप है कि 12 अप्रैल को छात्रा जब स्कूल से छुट्टी के समय घर आ रही थी तब आरोपी ने छात्रा को पकड़कर छेड़छाड़ शुरू कर दी, जब वह मनचले को समझाने के लिए गए तो आरोपी कुछ देर बाद कुछ युवकों को लेकर उनके घर पहुंचा। वहां उसने पिता व परिवार के अन्य सदस्यों से मारपीट की और छात्रा व उसकी मां से अश्लील हरकत की। पूरा परिवार इस घटना के बाद से काफी डरा हुआ है। एएसपी अभिजीत आर शंकर का कहना है कि आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।