रेस्टोरेंट का ताला तोड़कर 40 हजार नकद और सामान चोरी
साहिबाबाद। राजेंद्र नगर में एएसपी कार्यालय के सामने देर रात बेखौफ चोरों ने नजीर फूड्स रेस्टोरेंट में गुलाब जामुन, खीर और चिकन खाकर हजारों रुपये की चोरी को अंजाम दिया। सुबह रेस्टोरेंट मालिक ने ताला टूटा देखा तो पुलिस को सूचना दी। वसुंधरा सेक्टर-5 निवासी अमन कुमार का शहीद मेजर मोहित शर्मा राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे नजीर फूड्स के नाम से रेस्टोरेंट है। उनका कहना है कि रात करीब दस बजे रेस्टोरेंट बंद करके घर चले गए थे। रात में यहां कोई कर्मचारी भी नहीं रहता है। उनका कहना है कि रेस्टोरेंट के पास एएसपी कार्यालय और राजेंद्र नगर चौकी होने की वजह से पुलिस का काफी ज्यादा पहरा रहता है, लेकिन इतनी सख्ती के बावजूद चोरों ने ताला तोड़कर चोरी कर ली। उन्होंने बताया कि चोरों ने घटना से पहले अंदर बैठकर रसगुल्ले, खीर और चिकन व अन्य सामान खाया। इसके बाद लॉकर तोड़कर उसमें रखी 40 हजार रुपये नकद और 2500 से 3000 रुपये का खाने का सामान चोरी कर ले गए। चोरों के हाथ और पैर के निशान दीवार व फर्श पर थे। उन्होंने साहिबाबाद पुलिस को चोरी की शिकायत देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। एएसपी अभिजीत आर शंकर का कहना है कि चोरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। रेस्टोरेंट के अंदर दीवार व फर्श से फिंगर प्रिंट के निशान भी लिए गए हैं। चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।