पंचायत चुनाव में नहीं करेंगे हस्तक्षेप : राकेश टिकैत
साहिबाबाद। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बृहस्पतिवार को किसानों के बीच स्पष्ट कहा कि वह राजनीति से दूर हैं। पंचायती चुनाव में उनका कोई हस्तक्षेप नहीं है। किसान अपने विवेक से चुनाव में जिसे चाहें वोट दें। इस दौरान राकेश टिकैत ने यूपी गेट पर किसानों से उनके तंबुओं में जाकर मुलाकात की। उधर, यूपी गेट पर रोजाना की तरह किसानों ने अगले 2 घंटे के लिए अनशन किया।
किसानों से मुलाकात के दौरान राकेश टिकैत ने कहा कि भाकियू गैर राजनीतिक संगठन है। इसमें सिर्फ देश की कृषि और किसानों को बचाने के लिए संघर्षरत रहना है। सभी किसानों का उद्देश्य तीनों कानून वापस कराना और एमएसपी पर कानून बनवाना है। इसके साथ किसानों का पंद्रह हजार करोड़ गन्ने का भुगतान और बिजली के रेट सीमित करवाना आदि मुद्दे हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अक्तूबर में अपने आप ही गन्ने का भाव बढ़ने वाला है। गन्ना भुगतान कराने की आड़ में आंदोलन खत्म करने की शर्त रखकर कोई नेता सरकार से श्रेय न ले। उन्होंने कहा कि चुनावों में वोट देने का अधिकार नागरिकों को है। वह स्वेच्छा से मतदान करने का अधिकार रखते हैं। उन पर किसी का कोई अंकुश नहीं है। उधर, दोपहर में रोहतक के डिंपी पहलवान के साथ बलवीर सिंह, नरेश, विजय, नरेंद्र चहल, ब्रज कुमार, समय सिंह, विपिन चहल, विमला, कमला, नैरों और कैलों आदि लोग राकेश टिकैत से मिलने पहुंचे। वहीं, मुंबई महाराष्ट्र से डॉ. संजय कामले, डॉ. मधुकर सोनावन ने भी अपने साथियों के साथ किसानों से मुलाकात की। आंदोलनस्थल पर मुजफ्फरनगर से रजिया बेगम कई किसानों को साथ लेकर जबकि पंजाब से दीपक सेठी, रणजीत कौर आदि लोग पहुंचे। वहां युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी गौरव टिकैत ने सभी से मुलाकात की और उनके विचार जाने। मंच संचालक चौ. ओमपाल मलिक और सीपी सिंह ने बताया जिन किसानों ने अनशन किया, उनमें सुरेंद्र पाल, देवेंद्र सिंह, जसवंत सिंह, राजाराम प्रधान, रामगोपाल यादव, चौ. राजकुमार, राजपाल सिंह, तेजपाल सिंह, महावीर सिंह, राघव सहजवाल और मुलायम सिंह यादव शामिल रहे।