फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरकार अहंकार छोड़े, किसी भूल में ना रहे: नरेश टिकैत

विज्ञापन
विज्ञापन
सरकार अहंकार छोड़े, किसी भूल में न रहे : नरेश टिकैत
विज्ञापन

साहिबाबाद। कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन में बुधवार को यूपी गेट पहुंचे भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नरेश टिकैत ने सरकार को कड़ा संदेश दिया। मासिक पंचायत में उन्होंने कहा कि अन्नदाता के लिए सरकार अहंकार छोड़कर बातचीत करे और इस भूल में न रहे कि आंदोलन स्थल पर किसान कम हैं। उन्होंने मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक के बयान की भी सराहना की। कहा कि राज्यपाल सत्यपाल मलिक या रक्षामंत्री राजनाथ सिंह कोई भी मध्यस्थता करे यह अच्छा होगा। लेकिन सरकार मध्यस्थता के लिए तैयार तो हो।
नरेश टिकैत ने किसान आंदोलन मंच से किसानों की मासिक पंचायत की। उन्होंने कहा कि इस सरकार को किसानों ने सबसे ज्यादा समर्थन दिया। मगर सरकार किसानों की मांगों पर खरी नहीं उतर रही। आंदोलन में इतने किसानों की जान चली गई, लेकिन प्रधानमंत्री ने सांत्वना देने के लिए दो शब्द भी नहीं कहे। मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक के बयान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सरकार में होते हुए भी अच्छी बात कही है। देश के किसान और सभी लोग उनकी सराहना कर रहे हैं। कई सांसद अपनी सरकार में कैद हो गए हैं। वह सही नहीं बोल पा रहे हैं। वहीं, सांसद-विधायकों के गांवों में हो रहे विरोध पर नरेश टिकैत ने कहा कि जो भी सांसद-विधायक गांव में जा रहे हैं, किसान उनसे सिर्फ कानूनों के बारे में सवाल पूछ रहे हैं, इसमें कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने नेताओं से भी अपील की कि वह गांव में पहुंचने पर हो रहे विरोध के बारे में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से जाकर बात करें। उन्होंने कहा कि गांव का किसान इतने महीनों से सड़क पर है, कानूनों पर क्या समाधान हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार अगर यह सोच रही है कि लंबा आंदोलन चलने से किसान कम हो जाएंगे तो यह वहम अपने मन से निकाल दें। आंदोलन चलता रहेगा, खेतों में काम की वजह से किसानों की संख्या यहां कम हो सकती है। लेकिन अगर जरूरत पड़ी तो इमरजेंसी में भी किसान अपना सारा काम छोड़कर आंदोलन में पहुंच जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी के सांसद-विधायक अपने गांवों में नहीं पहुंच रहे। उन्होंने खुद ही गांव में जाना बंद कर दिया। जबकि गांवों में 23 घंटे सिर्फ आंदोलन की बात होती है, यह किसानों की बड़ी जीत है। वहीं, खाप चौधरियों ने भी मासिक पंचायत को संबोधित किया।
विज्ञापन

सत्यपाल मलिक या राजनाथ करें मध्यस्थता
उन्होंने कहा कि आंदोलन को बनाए रखने के लिए सभी किसान दिनचर्या बना लें कि दिन में दो घंटे का भी समय आंदोलन स्थल में पहुंच कर दें। मगर वह किसी के बहकावे में न आएं। बॉर्डर पर पक्का निर्माण करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारा कोई उद्देश्य बॉर्डर पर कब्जा करने का नहीं है। लेकिन गर्मी से बचने के लिए किसान इंतजाम जरूर करेगा। जब आंदोलन खत्म हो जाएगा तो किसान सारा सामान लेकर चले जाएंगे। सरकार के साथ वार्ता का दौर बंद होने पर उन्होंने कहा कि मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक या रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केसी त्यागी सभी अच्छे व्यक्ति हैं, कोई भी वार्ता के लिए मध्यस्थता करे तो अच्छा होगा। लेकिन सरकार पहले बातचीत को तैयार तो हो।
विज्ञापन

पीठ दिखाकर भागे कई लोग
चौ. नरेश टिकैत ने कहा कि 26 जनवरी की घटना के बाद कई लोग पीठ दिखाकर भाग गए लेकिन वो भी अपने भाई हैं। यह आंदोलन देश के किसानों की आवाज है। पहले सरकार इस आंदोलन को हरियाणा, पंजाब का बताती थी। लेकिन अब बिखरे मोती एक धागे में आ गए हैं यानी किसान एक संगठन में आ गए। यह किसानों की जीत का दौर है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें