आज रात से दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सकेंगे भारी वाहन
साहिबाबाद। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में कार्यक्रम के चलते भारी और मालवाहक वाहन सोमवार रात आठ बजे से मंगलवार को कार्यक्रम समाप्त होने तक दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। वहीं, रविवार को डाबर तिराहे से वाहनों को यूपी गेट को ओर नहीं जाने दिया गया। इससे महाराजपुर, भोपुरा और ज्ञानी बॉर्डर के साथ आंतरिक सड़कों पर दबाव बढ़ने से जाम लग गया। छुट्टी के दिन भी वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ा। शाम के समय वाहनों का दबाव ज्यादा रहा।
दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसके लिए 25 जनवरी की रात आठ बजे से भारी वाहनों, माल वाहक वाहनों को दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। भोपुरा, लोनी, ज्ञानी और महाराजपुर बॉर्डर से वाहन दिल्ली नहीं जा सकेंगे। वहीं, यूपी गेट पर किसानों की बढ़ती संख्या के चलते सड़क किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली और निजी वाहन खड़े होने से सड़क संकरी हो गई है। इससे डाबर तिराहे से यूपी गेट की ओर वाहनों को नहीं जाने दिया गया। महाराजपुर, भोपुरा और ज्ञानी बॉर्डर पर वाहनों का दबाव अधिक रहा। यूपी गेट की ओर वाहनों का प्रवेश बंद करने के चलते वैशाली सेक्टर चार, गौड़ ग्रीन एवेन्यू कट, सीआईएसएफ रोड, मोहननगर, लिंकरोड कौशांबी समेत अन्य आंतरिक सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ा। टीआई बीपी गुप्ता ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में कार्यक्रम के चलते भारी वाहनों को दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ही वह दिल्ली जा सकेंगे। आपात सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही आने की अनुमति है। सभी जगह पर यातायात पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।