अक्षरधाम मंदिर तक जाएगी रैली, वहां से वापस आनंद विहार होकर गाजियाबाद में प्रवेश करेगी
साहिबाबाद। गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर रैली यूपी गेट से निकलकर दिल्ली और गाजियाबाद के कई इलाकों से गुजरेगी। भाकियू ने अपनी तरफ से रोडमैप फाइनल कर दिया है। भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन ने देर रात अमर उजाला को बताया कि यूूपी गेट से ट्रैक्टर रैली निकलकर अक्षरधाम मंदिर तक जाएगी, वहां से यूटर्न लेकर आनंद विहार आएगी। आनंद विहार से यूटर्न लेकर अप्सरा बॉर्डर पहुंचेगी। वहां से जीडी रोड के माध्यम से मेरठ तिराहा आएगी। मेरठ तिराहा से मोदीनगर, मेरठ, बागपत के किसान अपने गंतव्य की ओर चले जाएंगे। बाकी किसान मेरठ तिराहे से यूपी गेट लौट जाएंगे। उन्होंने दावा कि फिलहाल दिल्ली पुलिस से रैली को लेकर यही रोडमैप तय किया गया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि रैली के बाद यूपी गेट पर किसानों की संख्या और बढ़ जाएगी। 26 जनवरी के बाद आंदोलन जारी रहेगा और आगे के कार्यक्रम तय किए जाएंगे।
गाजियाबाद पुलिस ने रैली के रोड मैप के अनुसार शहर में अपनी तैयारी की है लेकिन इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है कि जब रैली अप्सरा बॉर्डर से गाजियाबाद में प्रवेश करेगी तो जाम नहीं लगेगा। इस पूरी रैली के दौरान ट्रैक्टरों की स्पीड 10 से 15 किलोमीटर की होगी। हालांकि अभी रैली निकलने का समय तय नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि दिन में ग्यारह बजे के बाद ही रैली निकलेगी। वहीं, राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों की यह रैली एतिहासिक होगी और इसमें उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश समेत अलग-अलग जगहों से करीब 25 से 30 हजार ट्रैक्टर शामिल होंगे।
चप्पे-चप्पे पर होगी भारी पुलिस फोर्स :
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि ट्रैक्टर रैली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बलों की निगरानी होगी। जबकि संदिग्धों पर नजर रखने के लिए खुफिया टीम भी किसानों के बीच मौजूद रहेगी। एसएसपी ने बताया कि रैली के दौरान यूपी गेट से एक कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स, छह कंपनी पीएसी, 1000 आरक्षी, 500 मुख्य आरक्षी, 300 उपनिरीक्षक, 50 इंस्पेक्टर, 12 क्षेत्राधिकारी, 400 ट्रैफिक आरक्षी, 50 ट्रैफिक मुख्य आरक्षी, 15 ट्रैफिक एसआई, पांच ट्रैफिक इंस्पेक्टर जगह-जगह तैनात किए गए हैं।
किसानों की खुफिया टीम भी रखेगी संदिग्धों पर पैनी नजर :
गाजीपुर किसान आंदोलन कमेटी के एक पदाधिकारी ने बताया कि ट्रैक्टर रैली को लेकर शीर्ष पदाधिकारी बेहद गंभीर और सतर्क हैं। लिहाजा, 300 वॉलंटियर के अलावा खुफिया टीम को भी बनाया गया है। इसमें शीर्ष पदाधिकारी और अन्य किसानों को बेहद चिंतन के बाद इस टीम में रखा गया है। इन सभी को रैली के दौरान काफी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी दी गई हैं। इस बीच दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के साथ आईजी प्रवीण कुमार, एडीजी राजीव सबरवाल, मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम, डीएम अजय शंकर पांडेय, एसएसपी कलानिधि नैथानी और एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह व सीओ अंशु जैन समेत अधिकारियों की किसानों से बैठकों में लगातार वार्ता चल रही हैं।