बेहद खराब स्थिति में पहुंचा गाजियाबाद का प्रदूषण स्तर
साहिबाबाद। गाजियाबाद शहर का प्रदूषण स्तर मंगलवार को बेहद खराब स्थिति में पहुंच गया। शहर का एक्यूआई मानकों से तीन गुना अधिक 307 दर्ज किया गया। शहर में लोनी सबसे प्रदूषित रहा।
गाजियाबाद में तीन दिन से प्रदूषण स्तर बढ़ रहा है। सोमवार को प्रदूषण येलो जोन में था। एक्यूआई 244 दर्ज किया गया था। मंगलवार को इसमें 63 प्वाइंट की बढ़ोतरी हुई और ये 307 पर पहुंच गया। वहीं, लोनी और उसके आसपास का इलाका सबसे प्रदूषित बना हुआ है। मंगलवार को लोनी का एक्यूआई 357 दर्ज किया है। यहां पर पीएम दस का स्तर 357 तो पीएम 2.5 का स्तर मानकों से पांच गुना अधिक 323 रहा। वसुंधरा में भी प्रदूषण का स्तर रेड जोन में दर्ज हुआ। यहां पर एक्यूआई 312 रहा। यहां पर पीएम दस 312 और पीएम 2.5 का स्तर 272 दर्ज हुआ। इंदिरापुरम और संजय नगर का एक्यूआई ऑरेंज जोन में रहा। इंदिरापुरम में एक्यूआई 298 दर्ज हुआ। यहां पर पीएम दस और पीएम 2.5 का स्तर 298 और 268 रहा। संजय नगर में एक्यूआई सबसे कम 261 दर्ज हुआ। यहां पीएम दस का स्तर 258 तो पीएम 2.5 का स्तर 261 दर्ज किया गया।