दुकानदार ‘नो मास्क-नो डील’ योजना पर करें काम
साहिबाबाद। वैशाली स्थित 41वीं वाहिनी पीएसी के गेस्ट हाउस में बृहस्पतिवार को डीएम अजय शंकर पांडेय ने एओए, ट्रांसपोर्टर, होटल व्यवसायी और व्यापार मंडलों के साथ बैठक की। इसमें डीएम ने कोरोना संक्रमण दर 600 से नीचे आने पर अनलॉक करने का भरोसा दिया। संभावित तीसरी लहर को लेकर डासना के रामशरण इंडो जर्मन अस्पताल को चाइल्ड डेडिकेटेड अस्पताल व संतोष मेडिकल अस्पताल में 100 बेड का पीआईसीयू व अन्य अस्पतालों में दस-दस बेड बच्चों के लिए व्यवस्थित रखने के बारे में कहा गया। दुकानदारों से ‘नो मास्क-नो डील’ योजना को अपनाने की अपील की गई। नगर निगम के 100 वार्डों में स्वैच्छिक सामुदायिक कंटेनमेंट कार्यक्रम भी होंगे।
कोरोना के रोकथाम के लिए बैठक में आरडब्ल्यूए-एओए, ऑटो-ट्रांसपोर्ट यूनियन, होटल एसोसिएशन और व्यापार मंडल के पांच-पांच प्रतिनिधि शामिल हुए। डीएम अजय शंकर पांडेय ने कहा कि संक्रमण दर 600 से नीचे आने पर जल्द ही अनलॉक किया जाएगा। नगर निगम द्वारा स्वैच्छिक सामुदायिक कंटेनमेंट कार्यक्रम भी सभी 100 वार्डों में किए जाएंगे। कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचने के लिए सभी अस्पतालों में दस-दस बेड और संतोष मेडिकल अस्पताल में 100 बेड की व्यवस्था की जा रही है। जल्द ही वहां डॉक्टर, नर्स और अन्य स्टाफ की टीम को बना लिया जाएगा। इसके अलावा डासना के रामशरण इंडो जर्मन अस्पताल को चाइल्ड डेडिकेटेड अस्पताल के रूप तैयार कर रहे हैं। एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि सभी सौ वार्डों को दो कैटेगरी में बांटा गया है। जहां कोरोना संक्रमण के केस अधिक हैं, वहां पर कंटेनमेंट जोन पालिसी का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। कोविड कंट्रोल रूम से होम आइसोलेशन के मरीजों को रोजाना तीन बार कॉल करके हाल पूछा जा रहा है। साथ ही इंसीडेंट कमांडर्स सभी मरीजों पर निगरानी बनाए हुए हैं। जहां कोरोना के केस कम हो रहे हैं, वहां पर स्वैच्छिक सामुदायिक कंटेंटमेंट पॉलिसी लागू कराने का निर्णय हुआ है। इसमें लोगों को नियम बताकर जागरूक किया जाएगा। उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष गोपीचंद ने बाजारों को सुबह आठ से रात आठ बजे तक खोलने और मंगलवार को साप्ताहिक बंदी की मांग की। जबकि शनिवार-रविवार की बंदी में रविवार की जगह मंगलवार को बाजार बंद रखे जाने की बात कही। कपड़ा व्यापारी एसोसिएशन के रजनीश बंसल ने वैक्सीनेशन की मांग की। लोहा विक्रेता मंडल के अध्यक्ष अतुल जैन और ट्रांसपोर्ट यूनियन ने अपेक्षित राहत देने की मांग की।
छोटे कंटेनमेंट बनाने की योजना
नई नीति के तहत छोटे कंटेनमेंट जोन बनाने की योजना है। सोसायटी, अपार्टमेंट्स की एओए, आरडब्लूए व स्थानीय पार्षदों से विभिन्न जगहों पर स्वैच्छिक सामुदायिक कंटेनमेंट योजना को लागू करने का आग्रह किया गया है। स्वैच्छिक सामुदायिक पुलिसिंग के तहत भी लोगों से कोविड-19 प्रोटोकॉल के लिए जागरूक किया जाएगा। व्यापारियों से नो मास्क नो डील, ऑटो संचालकों से दो सवारी बैठाने की अपील की। यूनियन के पदाधिकारी ने बताया कि कोरोना में ऑटो संचालक भुखमरी के कगार पर आ गया है। पुलिस द्वारा चालान काटने का भी मुद्दा उठाया।