नन्हें उस्ताद सिखा रहे कोरोना से लड़ना
साहिबाबाद। कोरोना की दूसरी लहर में बड़े और बच्चे दोनों ही लपेटे में आए। लोगों के मन में इस बीमारी को लेकर काफी डर बैठ गया लेकिन शहर के कई ऐसे नन्हें मास्टर हैं जो कोरोना जैसी बीमारी को हराने में दूसरों में आत्मविश्वास भरने का काम कर रहे हैं। टीएचए के यह नन्हें कोरोना योद्धाओं में किसी ने इसी वर्ष कोरोना को मात दी है तो किसी ने योग के जरिए इस बीमारी को अपने पास फटकने भी नहीं दिया। ऐसे बच्चे बड़ों के लिए मिशाल बने हुए हैं।
कोरोना काल में कैसे खुद को फिट रखा जाए और किस तरह घर पर रहकर व्यस्त रहें, ऑनलाइन आकर अपने दोस्तों एवं जानकारों को इसके टिप्स दे रहे हैं। वहीं दो भाई-बहन ऐसे भी हैं जो अप्रैल में कोरोना पॉजिटिव हुए और घर पर रहकर इस बीमारी को मात दी। अब दोस्तों के संग अपना अनुभव शेयर कर दूसरों को इस बीमारी से डरने एवं डिप्रेशन में न आने की बात कह रहे हैं।
हर रोज लेते हैं ऑनलाइन योग क्लास
वसुंधरा निवासी अंतरराष्ट्रीय योगा खिलाड़ी 11 वर्षीय ध्रुव पिछले एक माह से हर रोज सुबह आठ बजे से ऑनलाइन योग क्लास ले रहे हैं। अपने जैसे बच्चों के साथ ही उनके परिवार वालों को सोमवार से शुक्रवार तक योग सिखा रहे हैं। किन आसनों से फेफड़ों को मजबूत रखा जा सकता है, इसका प्रशिक्षण दे रहे हैं। इसके साथ ही ध्रुव लगातार अपनी सकारात्मक वीडियो बनाकर लोगों के बीच प्रसारित कर रहे हैं। घर पर रहते हुए कैसे वह अपनी पढ़ाई के साथ खाली समय को क्रिएटिविटी एवं किचन में मम्मी की मदद करने में लगाते हैं, इसका वीडियो तैयार कर दोस्तों से शेयर करते हैं।
फेसबुक लाइव पर देती हैं योग आसन की जानकारी
मोहन नगर निवासी व योगा की राष्ट्रीय खिलाड़ी आराध्या शर्मा भी इन दिनों लगातार फेसबुक लाइव करके लोगों को योग के टिप्स दे रही हैं। नन्हीं आराध्या लोगों से लगातार अपील कर रही हैं कि फिट रहना है तो योग करना जरूरी है। फेसबुक लाइव में आराध्या हम उम्र बच्चों को कोरोना काल में भी अपना डे रूटीन बनाए रखने की अपील करती हैं। इस दौरान वह योग व विभिन्न आसन करके लोगों को दिखाती हैं और सवाल-जवाब का भी सेशन रखती हैं, जिससे कि वह सीधे लोगों से जुड़ती हैं और लोगों में सकारात्मक ऊर्जा संचारित कर रही हैं। आराध्या की फेसबुक लाइव में न केवल बच्चे बल्कि उनके माता-पिता भी जुड़ रहे हैं।
घर पर रहकर कैसे दें कोरोना को मात, देती हैं टिप्स
अप्रैल में ही कोरोना की चपेट में आने के बाद घर पर ही रहकर 15 वर्षीय रिद्धि कुमारी ने दस दिन पहले ही कोरोना को मात दी है। अब रिद्धि अपने दोस्तों के साथ अपने अनुभव शेयर कर रही हैं। सोशल मीडिया के जरिए रिद्धि लोगों को बता रही हैं कि कैसे वह लोग कोरोना से अपना बचाव करें, इसके बाद यदि कोई पॉजिटिव हो ही जाता है तो किस तरह बच्चे अपनी देखभाल कर सकते हैं और उनके पैरेंट्स को किन बातों का ख्याल रखना चाहिए। रिद्धि लगातार लोगों को इसकी जानकारी दे रही हैं। इन सबके साथ वह लगातार लोगों से अपील करती हैं कि बच्चे यदि बीमार हो भी रहे हैं तो इसमें घबराने की जरूरत नहीं बल्कि सब्र के साथ इसका मुकाबला बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के साथ करना है। रिद्धि अपने बीमारी के दिनों में किस तरह एलोपेथिक दवाओं के साथ काढ़ा और गर्म पानी का सेवन करती थी इसकी जानकारी देती हैं।
दोस्तों के संग शेयर करते हैं अनुभव, नहीं घबराने की देते हैं सलाह
दस वर्षीय अबीर भी कोरोना को मात देकर अब सुपर हीरो का रोल अदा कर रहे हैं। अपनी सोसायटी और स्कूल में बच्चों के साथ अपना अनुभव शेयर कर रहे हैं। अबीर बच्चों से अपील करते हैं कि वह किसी भी तरह की लापरवाही न करें। अबीर अपनी मम्मी के साथ ऑनलाइन सेशन करते हैं और अपने दोस्तों एवं परिचितों को जानकारी दे रहे हैं कि उन्होंने कैसे घर पर रहकर मम्मी की दी गई सभी दवा लीं और मम्मी द्वारा दिए गए सभी हेल्दी फूड को खाया, जिससे वह ठीक हो सके।