व्यापारी की आंख में मिर्च डालकर बदमाशों ने किया लूट का प्रयास
लोनी। बाइक सवार दो बदमाशों ने बॉर्डर थाना क्षेत्र के इंदिरापुरी कॉलोनी में शुक्रवार रात व्यापारी की आंख में मिर्ची पाउडर डालकर लूट की कोशिश की। व्यापारी दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है।
इंद्रापुरी कॉलोनी में परिवार के साथ रहने वाले किशन शिव विहार दिल्ली में किराने की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात वह दुकान बंद कर घर जा रहे थे। जैसे ही वह इंद्रपुरी कॉलोनी पहुंचे तभी पीछे से आए तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोका। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर उनका बैग लूटने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान उन्होंने शोर मचा दिया। उनकी चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों को आता देख बदमाश बैग छोड़कर फरार हो गए। बॉर्डर थाना एसएचओ ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से बदमाशों की तलाश की जा रही है। संवाद