गृहक्लेश में युवक ने खुद को गोली से उड़ाया
लोनी। बेहटा हाजीपुर कॉलोनी में मंगलवार रात गृह क्लेश में एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने तमंचा बरामद जांच शुरू कर दी है।
बॉर्डर थाना क्षेत्र की बेहटा हाजीपुर कॉलोनी में ओजेंद्र (35) पत्नी चंद्रवती, 4 बच्चों के साथ रहते थे। वह मजदूरी करते थे। परिवार के सदस्यों के अनुसार कुछ दिनों से ओजेंद्र परिवार के सदस्यों के साथ झगड़ता रहता था। परिवार के लोग उन्हें शराब पीने से रोकते थे। इस वजह से घर में घरेलू कलह रती थी। मंगलवार रात वह कहीं से तमंचा ले आया और घर में आकर खुद को कनपटी पर गोली मार ली। गोली लगने के बाद परिवार के लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बॉर्डर थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने मामले में कोई शिकायत नहीं दी है। गृह क्लेश के चलते गोली मारने का मामला सामने आया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।