गृहक्लेश में दंपती ने पीया तेजाब
लोनी। कोतवाली लोनी की एक कॉलोनी में शनिवार दोपहर एक दंपती ने गृह क्लेश के चलते तेजाब पी लिया। दंपती के बच्चों ने पड़ोसियों को मामले की शिकायत की। पड़ोसियों ने पुलिस को बुलाकर दोनों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। दंपति का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लोनी कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी में दंपती अपने दो बच्चों के साथ रहते हैं। पड़ोसियों के अनुसार दपंती में कई दिनों से किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था। शनिवार दोपहर दोनों में फिर से किसी बात पर झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान पति ने घर में रखे तेजाब को पी लिया। इसके बाद पत्नी ने भी वही तेजाब पी लिया। इस दौरान दोनों की हालत बिगड़ने लगी। हालत बिगड़ने के दौरान घर में मौजूद बच्चों ने पड़ोसियों और मकान मलिक को जानकारी दी। पड़ोसियों ने पुलिस को फोन कर सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दोनों का इलाज चल रहा है। लोनी कोतवाली एडिशनल एसएचओ बीके त्रिपाठी ने बताया कि जांच में पता चला है कि पति ने तेजाब पीकर पत्नी को तेजाब पिलाने का प्रयास किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी दंपती का बयान नहीं लिया जा सका है। किसी भी तरफ से कोई तहरीर नहीं आई है।