अब बादलपुर में नहीं, गाजीपुर में होगी पंचायत
लोनी। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत द्वारा लगाए गए लोनी विधायक पर आरोपों को लेकर बादलपुर गांव की जगह गाजीपुर यूपी गेट पर गुर्जर जागृति मिशन ने पंचायत करने का फैसला लिया है। वहीं विधायक के समर्थन में लोनी के डीएलएफ, निठौरा, पावी समेत कई स्थानों पर पंचायत हुई है।
गुर्जर जागृति मिशन के पदाधिकारी यतेंद्र नागर ने बताया कि बादलपुर गांव की जगह अब गुर्जर समाज के लोग गाजीपुर यूपी गेट पर किसानों के धरना स्थल के पास ही पंचायत करेंगे। उन्होंने बताया कि राकेश टिकैत और विधायक नंदकिशोर गुर्जर को आमने-सामने बिठाकर सच और झूठ का पता लगा कर पंचायत अंतिम निर्णय लेगी। अगर राकेश टिकैत लोनी विधायक पर लगाए आरोपों को सच करते हैं तो विधायक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं अगर राकेश टिकैत सच साबित नहीं कर पाए तो, समाज की तरफ से आगे का फैसला लिया जाएगा। उधर लोनी विधायक के समर्थन में लोनी के डीएलएफ कॉलोनी में पंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें विधायक पर लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। सभी लोगों ने विधायक का समर्थन किया है। वहीं निठोरा- खड़खड़ी, मिलकपुर गांव, पावी समेत अन्य स्थानों पर सर्वसमाज समाज द्वारा पंचायत की गई। अध्यक्षता कर रहे शेरा प्रधान ने कहा कि यह बड़े दुख की बात है कि अब किसान आंदोलन का उद्देश्य भटक गया है। अफसोस की बात है कि अब एक खास जाति को टारगेट किया जा रहा है। गुर्जर और जाट के भाईचारे को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है जो दुखद एवं निंदनीय है। इस मौके पर धर्मवीर प्रधान, राजेंद्र प्रमुख, कर्मसिंह, रतन हवलदार, अजय नेताजी, विकास दरोगा, रविंद्र, वीरेश भाटी, दिनेश डेढा, विजय भाटी, नरेश पोद्दार, अनिल राणा, जमील भाई, विपिन सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।