गाजियाबाद के स्वास्तिक चिकारा का अंडर-19 यूपी क्रिकेट टीम में चयन
गाजियाबाद। पंजाब के मोहाली में 28 सितंबर से होने वाले वीनू मांकड़ ट्रॉफी के मुकाबले में इस बार विस्फोटक बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा का हुनर देखने को मिलेगा। बल्लेबाजी में शानदार खेल दिखाने वाले क्रिकेट खिलाड़ी स्वास्तिक का चयन उत्तर प्रदेश अंडर-19 टीम में हो गया है। कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में हुए चयन ट्रायल में शानदार खेल दिखाकर उन्होंने यूपी टीम में जगह बनाई। स्वास्तिक के अलावा यूपी की टीम में अब गाजियाबाद के कुल पांच खिलाड़ी शामिल हैं। शहर के आराध्य यादव को यूपी की टीम का कप्तान बनाया गया है। तीन अन्य खिलाड़ियों में भास्कर भारद्वाज, सिद्धार्थ यादव और कार्तिक गोयल शामिल हैं। स्वास्तिक चिकारा ने 2019 में शहीद राम प्रसाद बिस्मिल स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में 167 गेंदों पर 585 रन की उम्दा पारी खेलकर नया रिकॉर्ड बनाया था। लगातार शानदार प्रदर्शन की बदौलत स्वास्तिक ने यह मुकाम पाया है। ब्यूरो