मसूरी में पशु कारोबारी को तमंचा दिखाकर चार लाख लूटे
गाजियाबाद/मसूरी। कार सवार बदमाशों ने सोमवार को मसूरी में भूड़गढ़ी रोड पर साहिबाबाद के पशु व्यापारी को तमंचा दिखाकर चार लाख रुपये, मोबाइल और कार की चाबी लूट ली। दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए घंटों कांबिंग की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने लूट का केस दर्ज कर लिया है।
साहिबाबाद के शहीदनगर निवासी नासिर कुरैशी पशुओं की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं। वह पशु पालकों से मवेशी खरीदकर भूड़गढ़ी स्थित इंटरनेशनल मीट फैक्टरी में बेचते हैं। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी कार से इंटरनेशनल मीट फैक्टरी जा रहे थे। जैसे ही वह भूड़गढ़ी रोड पर बंद पड़ी एमडी मीट फैक्टरी के पास पहुंचे तो सामने से सफेद रंग की कार उनके सामने आकर रुक गई। कार में से दो लोग उतरे और एक उसी में बैठा रहा। खतरा भांपकर नासिर कुरैशी ने कार लॉक कर ली। बदमाशों ने शीशे पर हाथ मारते हुए दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। इसके बाद बदमाशों ने सड़क किनारे पड़ी ईंट से कार का शीशा तोड़ दिया और व्यापारी पर तमंचा तान दिया।
गोली मारने की धमकी देकर चाबी व मोबाइल छीना फिर कैश लूटा
व्यापारी नासिर कुरैशी के मुताबिक बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर पहले तो उनसे कार की चाबी और मोबाइल लूट लिया। इसके बाद उन्होंने 4 लाख रुपये से भरा थैला लूट लिया। घटना के बाद बदमाश हाईवे की तरफ फरार हो गए। व्यापारी ने कुछ दूर चलकर लोगों की मदद से पुलिस और इंटरनेशनल मीट फैक्टरी में सूचना दी। जिसके बाद मसूरी पुलिस मौके पर दौड़ पड़ी।
मीट फैक्टरी को मोअज्जिन के पास मिला मोबाइल
पुलिस ने व्यापारी का मोबाइल नंबर मिलाया तो उसे इंटरनेशनल मीट फैक्टरी के मोअज्जिन (नमाज कराने वाले) उस्मान अली ने उठाया। थाने बुलाकर पूछताछ करने पर उस्मान असी ने बताया कि उन्हें यह मोबाइल भूड़गढ़ी रोड पर सड़क किनारे पड़ा मिला था। उन्होंने यह सोचकर उठा लिया कि जिसका फोन होगा, उसकी कॉल आने पर वह मोबाइल वापस कर देंगे। पूछताछ के बाद पुलिस ने मोबाइल पीड़ित व्यापारी को सौंप दिया। अंदेशा जताया जा रहा है कि लोकेशन ट्रेस न हो, इसके लिए बदमाशों ने मोबाइल रास्ते में फेंक दिया होगा।
पशु व्यापारी ने चार लाख रुपये लूट की बात कही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे कैमरे तथा टोल प्लाजा की फुटेज देखी जा रही है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
- डॉ. ईरज राजा, एसपी ग्रामीण