नौकर ने हीरे-पन्ने के जेवर समेत 70 लाख का माल उड़ाया
गाजियाबाद। राजनगर सेक्टर-11 निवासी कारोबारी के परिवार से नौकर ने 70 लाख रुपये का माल साफ कर दिया। इनमें हीरे-पन्ने के जेवर व कीमती घड़ियां शामिल हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मध्य प्रदेश निवासी नौकर व उसके चाचा के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
राजनगर सेक्टर-11 निवासी महिमा चौधरी का कहना है कि वह मूलरूप से कविनगर डी-ब्लॉक की रहने वाली हैं। स्थायी मकान में निर्माण कार्य चलने के कारण वह करीब तीन साल से माता-पिता के साथ किराए पर रह रही थीं। सूरजकुंड फरीदाबाद निवासी हरेंद्र यादव उनके घर में निर्माण कार्य करा रहा था। उसके यहां काम करने वाले रामचरण और उसकी पत्नी ने सिफारिश करके अपने भतीजे अविनाश चौधरी निवासी सतना मध्य प्रदेश को उनके यहां नौकरी पर लगवा दिया। पीड़िता का कहना है कि वह किराए के मकान से स्थायी निवास पर जाने की तैयारी करने लगे। 31 जुलाई को सामान निकाला तो अलमारी से 10 लाख कीमत की दो रोलेक्श घड़ी, दो हीरे-पन्ने के कड़े, एक जोड़ी टॉप्स, हीरेकी अंगूठी, हीरे के टॉप्स, सोने की चेन, रूबी व हीरे का कड़ा, हीरे का हार और करीब 50 लाख रुपये गायब मिले। चोरी हुए सामान की कीमत करीब 70 लाख रुपये है। पूछताछ करने पर नौकर अविनाश ने चोरी कबूल करते हुए कहा कि सारा माल उसने चाचा रामचरन व चाची किरन को दे दिया है। कविनगर एसएचओ संजीव शर्मा का कहना है कि आरोपी नौकर व उसके चाचा-चाची पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर माल बरामद किया जाएगा।