चार करोड़ खर्च कर एक साल पहले लग गए 12 नलकूप, लोगों को नहीं मिला पानी
गाजियाबाद। जनता के लिए जल निगम ने विजयनगर क्षेत्र में पानी आपूर्ति की योजना तो शुरू की, लेकिन लगभग एक साल बाद इसका फायदा लोगों को नहीं मिला। सालभर पहले जल निगम के 12 नलकूप बनकर तैयार हो चुके हैं, इनके लिए बिजली कनेक्शन नहीं लिया गया। इसी वजह से करीब चार करोड़ की लागत से बने इन 12 नलकूपों ने अभी तक पानी उगलना शुरू नहीं किया। गर्मी बढ़ने पर पानी की डिमांड में भी इजाफा होने लगा है, बावजूद इसके इन नलकूपों का संचालन करने के लिए सरकारी मशीनरी गंभीर नहीं है।
जल निगम ने लाइनपार क्षेत्र के लिए सीएचए पार्ट-2 पेयजल योजना के नाम से नलकूप, ओवरहेड टैंक और पाइप लाइन बिछाने की परियोजना पर कई साल पहले काम शुरू किया था। करीब 70 करोड़ से ज्यादा की इस पेयजल योजना में चरणबद्ध तरीके से नलकूप लगाकर नगर निगम को हैंडओवर करने थे। जल निगम ने विजयनगर, प्रताप विहार क्षेत्र में 12 नलकूप करीब एक साल पहले बनकर तैयार हो चुके थे। इन नलकूपों से करीब 60 हजार की आबादी को पानी की आपूर्ति मिलनी थी। अब जल निगम के यह नलकूप लोगों को पानी देने के लिए मुंह चिढ़ा रहे हैं।
नगर निगम ने दी थी जमीन, फंड खर्च किया जल निगम ने
पानी आपूर्ति की इस योजना के लिए नगर निगम ने नलकूपों और ओवरहेड टैंक के लिए जल निगम को जमीन दी है। निगम के पार्कों और खाली जमीनों पर यह नलकूप लगाए गए हैं। निर्धारित समय पर जमीन दे दिए जाने पर भी जल निगम ने समय पर परियोजना को पूरा नहीं किया। लोग इसके पूरे होने का इंतजार कर रहे हैं।
प्रताप विहार के लोग कई बार कर चुके ट्यूबवेल चलाने की मांग
संतोष मेडिकल के सामने प्रताप विहार सेक्टर-12 स्थित एच ब्लॉक के पार्क में भी इनमें से एक नलकूप बनकर करीब एक साल पहले तैयार हो चुका है। जल निगम ने यहां पंप हाउस, ऑपरेटर रूम बनाकर तैयार कर लिया है, लेकिन नलकूप संचालित नहीं हो रहा। क्षेत्र के लोग कई बार नगर निगम अधिकारी से मिलकर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन नगर निगम अधिकारी भी मामला जल निगम का बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
जल निगम को इन 12 नलकूपों का संचालन करना है। इन नलकूपों पर अभी बिजली कनेक्शन नहीं मिले हैं। जल निगम के अधिकारियों से कई बार वार्ता की गई है। जल्द ही इनका संचालन शुरू करने का आश्वासन मिला है। - योगेश श्रीवास्तव, जीएम नगर निगम
नलकूपों को संचालित करने के लिए दिसंबर में ही विद्युत कनेक्शन लेने के लिए आवेदन कर दिया गया था। प्रत्येक नलकूप के कनेक्शन पर आने वाले खर्च की रकम भी विद्युत निगम के पास जमा कर दी है। 15 दिन में कनेक्शन मिलने के बाद नलकूपों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। - सौरभ कुमार, विद्युत एवं यांत्रिक अभियंता, जल निगम
गाजियाबाद में पानी के संसाधन और कमी
पानी की कुल मांग --- 364 एमएलडी
पानी की आपूर्ति --- 268 एमएलडी
पानी की कमी --- 78 एमएलडी
कुल डीपवेल नलकूप --- 237
कुल मिनी नलकूप --- 700
कुल हैंडपंप --- 6982