नंदग्राम में भी बनेगा थाना
गाजियाबाद। नंदग्राम थाने को शनिवार को आखिरकार शासन ने स्वीकृति दे दी। मुख्यमंत्री द्वारा मथुरा में जैत पुलिस चौकी व गाजियाबाद में नंदग्राम पुलिस चौकी को थाना बनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर फोर्स की तैनाती व अन्य संसाधन मुहैया कराने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। अब सिर्फ शासन से अधिकृत आदेश आने का इंतजार किया जा रहा है। नंदग्राम थाना जिले का 21वां थाना होगा।
पूर्व में गाजियाबाद में पांच नए थानों कौशांबी, टीला मोड़, शालीमार गार्डन, मधुबन बापूधाम और नंदग्राम का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। 10 जनवरी 2020 को चार्ज संभालने के बाद एसएसपी कलानिधि नैथानी ने नए थानों को स्वीकृति दिलाने के प्रयास शुरू कर दिए थे। 26 जनवरी 2020 को जिले को कौशांबी व टीला मोड़ के रूप में दो नए थानों की सौगात मिली। इसी कड़ी में गत 16 नवंबर को जिले के 20वें थाने के रूप में मधुबन बापूधाम थाना बनाया गया। इसके बाद एसएसपी ने सिहानी गेट थाने की नंदग्राम पुलिस चौकी को थाने के रूप में स्वीकृति दिलाने के लिए शासन स्तर पर पत्राचार किया था। शनिवार को मुख्यमंत्री ने इसे भी स्वकृति दे दी।
भाजपा विधायक ने भी किया था पत्राचार
साहिबाबाद विधान सभा सीट से भाजपा विधायक सुनील कुमार शर्मा ने भी नंदग्राम थाने की स्वीकृति के लिए शासन को पत्राचार किया था। अपर मुख्य सचिव (गृह) को भेजे पत्र में उन्होंने सिहानी गेट थाने का बड़ा क्षेत्र होने का हवाला देते हुए नंदग्राम पुलिस चौकी को थाना बनाने की मांग की थी। उन्होंने नंदग्राम, सिहानी, मोरटा, घूकना व राजनगर एक्सटेंशन को मिलाकर नंदग्राम थाना बनाने का प्रस्ताव दिया था।
चार चौकी व राजनगर एक्सटेंशन को मिलाकर बनेगा नंदग्राम थाना
क्षेत्र की दृष्टि से सिहानी गेट थाना शहर का सबसे बड़ा थाना है। थानाक्षेत्र में नंदग्राम और राजनगर एक्सटेंशन का एरिया अपराध की दृष्टि से संवेदनशील हैं। इन इलाकों में लूट, चोरी, छिनैती की घटनाएं आम बात है। इसी के चलते अधिकारियों का फोकस नंदग्राम थाने को स्वीकृति दिलाने पर था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक नंदग्राम, हिडंन विहार, मोरटा और सिहानी चुंगी पुलिस चौकी क्षेत्र के अलावा राजनगर एक्सटेंशन का क्षेत्र नंदग्राम थाने में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा शांति नगर, मोरटी और सिकरोड़ भी नए थाने में शामिल होंगे। दिल्ली-मेरठ रोड पर दिल्ली से मेरठ की तरफ जाते समय बायीं साइड का एरिया नए थाने में शामिल किया जाएगा।
सिहानी गेट थाने का तनाव होगा कम
सिहानी गेट थानाक्षेत्र में राजनगर एक्सटेंशन इलाका बेहद संवेदनशील माना जाता है। इसके अलावा नंदग्राम इलाका तमाम अवैध धंधों का गढ़ कहा जाता है। हर वक्त वहां कानून-व्यवस्था को लेकर कोई न कोई मुद्दा रहता है। इसके अलावा अपराध की दृष्टि से भी नंदग्राम अव्वल है। नंदग्राम थाना बनने से सिहानी गेट थाना पुलिस का तनाव कम होगा, नए थानाक्षेत्र में रहने वाली जनता में भी सुरक्षा की भावना बढ़ेगी।
सभी तैयारियां पूरी, गणतंत्र दिवस पर हो सकता है शुभारंभ
मुख्यमंत्री से हरी झंडी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। अधिकृत आदेश आते ही थाने में फोर्स तैनात कर दी जाएगी। साथ ही गश्त के लिए पेट्रोलिंग वाहन तथा यूपी-112 की पीआरवी भी आवंटित कर दी जाएंगी। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि नंदग्राम थाने को स्वीकृति दिलाने के लिए पत्राचार किया गया था। कई अड़चनें थीं, जिन्हें दूर कर प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। नए थाने के लिए शासन स्तर से एग्जीक्यूटिव आदेश जारी होता है। उसके आते ही थाना शुरू कर दिया जाएगा।