सिटी फॉरेस्ट में 1.60 किमी में दौड़ेगी मॉडर्न टॉय ट्रेन
गाजियाबाद। सिटी फॉरेस्ट में घूमने आने वालों को मॉडर्न टॉय ट्रेन की सौगात मिलेगी। हाईस्पीड ट्रेन सरीखी टॉय ट्रेन में बैठकर लोग सिटी फॉरेस्ट में प्रकृति के मनोरम दृश्य का आनंद ले सकेंगे। टॉय ट्रेन को लगाने और एक साल तक संचालन करने वाली रेलवे की संस्था सेंट्रल ऑर्गनाइजेशन फॉर मॉडर्नाइजेशन ऑफ वर्कशॉप (कॉफमोव) ने सिटी फॉरेस्ट में टॉय ट्रेन के रूट का निर्धारण कर दिया है। सिटी फॉरेस्ट में 1.60 किमी क्षेत्र में टॉय ट्रेन का संचालन होगा। प्रस्तावित टॉय ट्रेन पुराने परंपरागत मॉडल की जगह मॉडर्न लुक में नजर आएगी।
टॉय ट्रेन के कोच भले ही आधुनिक होंगे, लेकिन ट्रेन की रफ्तार टॉय ट्रेन जैसी ही होगी। टॉय ट्रेन से 125 एकड़ में फैले सिटी फॉरेस्ट और हिंडन नदी का दीदार किया जा सकेगा। रेलवे की संस्था कॉफमोव ने सिटी फॉरेस्ट के किन-किन पॉकेट से होकर टॉय ट्रेन का संचालन होगा, उसके रूट को निर्धारित कर दिया है। टॉय ट्रेन प्रदेश के गाजियाबाद सहित लखनऊ, आगरा और कानपुर में चलेगी। कॉफमोव ने प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार कर शासन को सौंप दी है। गाजियाबाद से पहले कॉफमोव की टीम लखनऊ के जनेश्वर पार्क में रूट का निर्धारण कर चुकी है। अब मुख्यमंत्री कार्यालय से आखिरी मुहर लगने के बाद संशोधित डीपीआर को मंजूरी के लिए रेल मंत्रालय भेजा जाएगा। प्रदेश स्तर पर टॉय ट्रेन की प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने का जिम्मा उप-निदेशक उद्यान एसपी शिशोदिया, लखनऊ विकास प्राधिकरण और आगरा विकास प्राधिकरण के मुख्य अभियंता को सौंपा गया है। टॉय ट्रेन के परिचालन, रखरखाव और अन्य बिंदुओं का अध्ययन होने के बाद संशोधित डीपीआर तैयार की गई है।
---
दो टनल से होकर गुजरेगी पांच कोच की ट्रेन
सिटी फॉरेस्ट में संचालित होने वाले टॉय ट्रेन में कुल पांच कोच होंगे। यहां जीडीए की ओर से टॉय ट्रेन के ट्रैक, प्लेटफार्म और दो टनल का निर्माण किया जाएगा। बाकी कोच सहित करीब एक करोड़ का खर्च रेलवे की संस्था कॉफमोव करेगी। गाजियाबाद के सिटी फॉरेस्ट में टॉय ट्रेन का रूट 1.60 किमी लंबा होगा। संशोधित डीपीआर में ही टॉय ट्रेन का किराया तय किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक टॉय ट्रेन का किराया 12 साल से कम उम्र वालों के लिए 40 रुपये और 12 साल से अधिक वालों के लिए 80 रुपये के लगभग हो सकता है।
---
अधिकांश पॉकेट से होकर गुजरेगी ट्रेन
राजनगर एक्सटेंशन करहेड़ा स्थित सिटी फॉरेस्ट पार्क में छोटी-बड़ी कुल 24 पॉकेट हैं। अलग-अलग पॉकेट में विभिन्न सुविधाएं प्रदान की गई हैं। टॉय ट्रेन सिटी फॉरेस्ट की अधिकांश पॉकेट से होकर जाएंगी। इससे लोग हरियाली, हिंडन नदी और अन्य सुविधाओं का एक साथ नजारा देख सकेंगे। जीडीए की ओर से सिटी फॉरेस्ट की विभिन्न पॉकेट को अलग-अलग फूलों की थीम पर तैयार किया जा रहा है। ऐसे में टॉय ट्रेन से सिटी फॉरेस्ट का नजारा बिल्कुल खास हो जाएगा।
सिटी फॉरेस्ट में 1.60 किमी लंबे ट्रैक पर टॉय ट्रेन का संचालन किया जाएगा। रेलवे की संस्था कॉफमोव ने रूट का निर्धारण कर दिया है। जीडीए टॉय ट्रेन के ट्रैक, प्लेटफार्म व दो टनल के निर्माण का खर्चा उठाएगा। टॉय ट्रेन के कोचेज मॉडर्न लुक के होंगे। - कंचन वर्मा, उपाध्यक्ष, जीडीए