विद्युत निगम के ठेकेदार पर हमला, एसई व एई पर केस दर्ज
गाजियाबाद। संजयनगर सेक्टर-23 में विद्युत निगम के ठेेकेदार पर शुक्रवार रात पल्सर सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। रॉड व डंडे से हुए हमले में ठेकेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता (एसई) व सहायक अभियंता (एई) पर हमला कराने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। कविनगर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-23 संजयनगर निवासी पंकज शर्मा पुत्र महावीर प्रसाद का कहना है कि वह विद्युत निगम में ठेकेदारी करते हैं। वह ओम रुद्राक्ष फर्म के मालिक हैं और समाजसेवा से भी जुड़े हैं। शुक्रवार रात करीब साढ़े 9 बजे एक होटल से बचा हुआ खाना ले जाने के लिए फोन आया था। वह घर के पास स्थित गोशाला कार्यालय में खाली डिब्बे लेने गए तो इसी दौरान पल्सर सवार दो युवकों ने उन्हें बाहर बुलाया और रॉड व डंडे से हमला कर दिया। पीटते समय आरोपियों ने बताया कि एसई व एई ने उसे सबक सिखाने के लिए भेजा है। शोर शराबा होने पर लोगों के आने पर हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए।
शिकायत की रंजिश में अधिकारियों ने कराई वारदात
घायल ठेकेदार का कहना है कि गौतमबुद्धनगर वर्कशॉप में तैनात एई सतबीर और मेरठ मंडल वर्कशॉप के एसई राजेश सिंह ने उन पर हमला कराया है। आरोप है कि वर्ष 2017 में उक्त अधिकारियों ने मौखिक तौर पर उनसे निगम का काम कराया, लेकिन टेंडर किसी और को देकर उनके 20 लाख रुपये हड़प लिए। उन्होंने इस संबंध में विभिन्न स्तर पर शिकायत की हुई है, जिसकी रंजिश में उन पर हमला कराया गया है। कविनगर एसएचओ मोहम्मद असलम ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।