जीडीए ने लांच किया ओटीएस का सॉफ्टवेयर
गाजियाबाद। शासन की बकाएदारों को राहत देने वाली एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) शुक्रवार को लांच हो गई। ओटीएस का सॉफ्टवेयर लांच होते हुए ऑनलाइन व ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई। 50 लाख से कम के छोटे बकाएदारों के ऑफलाइन आवेदन जमा करने के लिए जीडीए में हेल्प डेस्क बनाई गई है। हेल्प डेस्क में पहले दिन 70 फार्म बिके, जबकि केवल एक बकाएदार ने आवेदन जमा किया।
ऑफलाइन आवेदन करने वालों के फार्म को हेल्प डेस्क के जरिए ओटीएस सॉफ्टवेयर पर अपलोड किया जाएगा। बता दें कि महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में 8294 छोटे-बड़े बकाएदारों पर 465 करोड़ बकाया। शासन की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का लाभ लेने के लिए ऐसे सभी बकाएदारों को नोटिस जारी किए हैं। जीडीए की इंदिरापुरम योजना में सर्वाधिक छोटे-बड़े बकाएदार हैं। संपत्ति अनुभाग की ओर से तैयार की गई बकाएदारों की कुंडली में इंदिरापुरम में 1624 बकाएदारों पर सर्वाधिक 190 करोड़ से अधिक बकाया है। मधुबन बापूधाम योजना में 418 बकाएदारों पर 91 करोड़ बकाया है। फिर वैशाली में 56 बकाएदारों पर 47 करोड़, नंदग्राम में 3061 बकाएदारों पर 30 करोड़, कर्पूरीपुरम में तीन बकाएदारों पर 14 करोड़, तुलसी निकेतन में 1697 बकाएदारों पर 10 करोड़, यूपी बॉर्डर पर 132 बकाएदारों पर 13 करोड़, कोयल एंक्लेव में तीन बकाएदारों पर 30 करोड़ बकाया है। जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा ने बताया कि पहला दिन होनेे के कारण आवेदन फार्म जमा करने वालों की संख्या कम रही। आने वाले दिनों में ओटीएस में आवेदन करने वालों की संख्या बढ़ेगी।