पुराना रेलवे स्टेशन पर बनेगा वर्ल्ड क्लास वेटिंग रूम
गाजियाबाद। पुराना रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम में अब एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं मिल सकेगी। जहां आरामदायक कुर्सियां और वातानुकूलित रूम आपको लग्जरी सुविधा का अहसास कराएगा। लंबे इंतजार के बाद वर्ल्ड क्लास वेटिंग रूम बनाने का रास्ता साफ हो गया है। स्थानीय सांसद व केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री वीके सिंह ने वेटिंग रूम बनाने के लिए रेलवे को एक करोड़ रुपया सांसद निधि से दे दिया है। अधिकतम 18 महीने की अवधि में वेटिंग रूम बनकर तैयार होगा।
यूपी का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले गाजियाबाद से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग रेलयात्रा करते हैं। आए दिन राज्य सरकार के मंत्री, उच्च अधिकारी और उद्यमी यहीं से रेल पकड़ते हैं या फिर यहां से उतरकर पश्चिमी यूपी के बाकी जिलों में जाते हैं। अभी तक बेहतर सुविधा संपन्न वेटिंग रूम न होने के कारण लोगों को खासी परेशानी होती है। स्थानीय सांसद लबे समय से कवायद में लगे थे कि उनके क्षेत्र के स्टेशन पर बेहतर सुविधा संपन्न वेटिंग रूम बनें। इसके लिए रेल अधिकारियों से भी बातचीत हुई। कई बार पत्राचार भी हुआ लेकिन उसके बाद भी कोई नतीजा नहीं निकल सका। रेलवे अधिकारियों ने यह कह कर वेटिंग रूम बनाने से हाथ खड़ा कर लिया कि उनके पास इस मद में कोई पैसा नहीं है। अगर मंत्रालय से पैसा जारी होता है तो वो वेटिंग रूम बनाया जा सकता हैं। अब मंत्रालय से अकेले वेटिंग रूम के लिए बजट स्वीकृत होने की लंबी प्रक्रिया थी, जो लेकर काफी समय खर्च होने की संभावना थी। ऐसी स्थिति में सांसद ने अपनी निधि से एक करोड़ रुपया रेलवे को वेटिंग रूम बनाने को दे दियोे।
-----------------------
रेलवे कर चुका है जगह चिन्हित, निर्माण जल्द शुरू
सांसद निधि से धनराशि मिलने के साथ ही रेलवे अधिकारी स्टेशन पर वेटिंग रूम बनाने के लिए जगह चिन्हित कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि अगले एक महीने के अंदर निर्माण शुरू हो जाएगा। रेलवे का लक्ष्य 18 महीने के अंदर निर्माण कार्य पूरा कर लेने का है। रूम बनाने में इसलिए भी दिक्कतें नहीं हैं, क्योंकि रेलवे को निर्माण लागत का पूरा पैसा मिल चुका है।
-----------------------
लोगों को रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद वेटिंग रूम देखकर ही अहसास होना चाहिए कि शहर के अंदर बेहतर सेवाएं है। लंबे समय से वेटिंग रूम की दिशा में प्रयासरत था। रेलवे अधिकारियों का कहना था कि उनके पास इस मद में कोई धनराशि नहीं है। इसलिए अब अपनी निधि से ही एक करोड़ रुपया वेटिंग रूम बनाने को दे दिया है। अब जल्द ही वर्ल्ड क्लास स्तर का वेटिंग रूम पुराना रेलवे स्टेशन पर बनकर तैयार होगा।
- जनरल वीके सिंह, स्थानीय सांसद व केंद्रीय मंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री