फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाजार के बाद बैंक में भी पहुंची नकली करेंसी, एफआईआर

विज्ञापन
विज्ञापन
बाजार के बाद बैंक में भी पहुंची नकली करेंसी, एफआईआर दर्ज
विज्ञापन

गाजियाबाद। बाजार में घूम रहे नकली नोट अब बैंकों तक पहुंच रहे हैं। नकली नोट मिलने का ताजा मामला कोटक महिंद्रा बैंक की नयवुग मार्केट शाखा में सामने आया है। ब्रांच की ऑपरेशन मैनेजर ने इस संबंध में सिहानी गेट थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। मैनेजर के मुताबिक उनकी ब्रांच में 2000 व 500 के नकली नोट ट्रेस हुए हैं। गौरतलब है कि पांच दिन पहले सिहानी गेट क्षेत्र में ही 100 के नकली नोटों के साथ एक युवक गिरफ्तार किया गया था।
कोटक महिंद्रा बैंक की नवयुग मार्केट शाखा की ब्रांच ऑपरेशन मैनेजर रश्मि त्यागी ने सिहानी गेट थाने में तहरीर दी है। उनका कहना है कि उनके बैंक में पिछले साल अक्टूबर माह में कुछ नकली नोट मिले थे। ये नोट 2000 व 500 के थे। उक्त संबंध में संबंधित कर्मचारियों के बारे में बातचीत के बाद उनके बयान भी दर्ज किए गए। हालांकि, कोई संदिग्ध व्यक्ति सामने नहीं आया। उन्होंने पुलिस से एफआईआर दर्ज करने के साथ-साथ नोटों की जांच फोरेंसिक लैब से कराने की मांग की है।
विज्ञापन

गड्डी नहीं, चुनिंदा नोट खपाने का दिया जाता है टारगेट
खुफिया विभाग के सूत्रों की मानें तो नकली नोटों की खेप एक स्थान पर खपाई नहीं जा सकती। ऐसे में गिरोह से जुड़े लोगों को एक दिन में नकली नोटों की गड्डी नहीं, बल्कि चुनिंदा नोट खपाने का टारगेट दिया जाता है। ऐसा होने पर किसी को शक नहीं होता। कभी-कभी तो गिरोह से जुड़े लोग एक-दो नोट लेकर ही बाजार में खपाने के लिए निकलते हैं।
गिरोह के निशाने पर छोटे तबके के व्यापारी
एनसीआर क्षेत्र नकली नोटों के सौदागरों के निशाने पर है। पूर्व में पकड़ी गई नकली नोटों की खेप मिलने से स्पष्ट है कि नकली करेंसी का धंधा करने वाले गिरोहों ने गाजियाबाद में अपनी जड़ें जमा रखी हैं। दिल्ली से नजदीकी और आर्थिक संपन्नता के चलते यहां नकली नोटों का गोरखधंधा फलफूल रहा है। गिरोह के निशाने पर छोटे तबके के व्यापारी हैं।
10 से 2000 रुपये तक के नोट मिल रहे नकली
छोटे दुकानदारों व व्यापारियों की मानें तो हर रोज नकली नोट सामने आ रहे हैं। इनमें 2000 रुपये से लेकर 10 रुपये तक केनोट शामिल हैं। अधिकांश नकली नोच उस वक्त दिए जाते हैं, जब दुकान पर भीड़ कम हो या दुकानदार मोबाइल पर बातचीत या किसी अन्य काम में व्यस्त हो। बीते दिनों ऑटो गैंग से नकली नोटों का कनेक्शन सामने आया था।
100 के नकली नोटों के साथ दबोचा था युवक
बीती 5 फरवरी को सिहानी गेट क्षेत्र स्थित एक कार शोरूम में डेंटर का काम करने वाला युवक बुधवार दोपहर को एक होटल पर खाना खाने गया। वह बिल के बदले में 100 का नोट देकर चलने लगा। नोट नकली होने पर होटल मालिक ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान मुरादनगर निवासी दानिश के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक उसने स्वीकार किया था कि वह खर्च चलाने के लिए नकली नोट दुकानों पर देता है।
विज्ञापन

पहले भी पकड़ी जा चुकी नकली करेंसी
- मार्च 2018 : विजयनगर पुलिस ने 2 लाख की जाली करेंसी के साथ दो तस्कर दबोचे।
- जनवरी 2019 : खोड़ा पुलिस ने डेढ़ लाख के नकली नोटों के साथ चार तस्कर गिरफ्तार किए।
- नवंबर 2018 : कविनगर पुलिस ने 20 हजार के नकली नोटों के साथ दो आरोपी पकड़े।
- दिसंबर 2019 : खोड़ा पुलिस ने 9.94 लाख रुपये की नकली करेंसी के साथ दो तस्कर दबोचे।
- जनवरी 2019 : शहर पुलिस ने 13 हजार केनकली नोटों के साथ एक आरोपी गिरफ्तार।
- फरवरी 2020 : सिहानी गेट क्षेत्र में 100 रुपये के नकली नोटों के साथ युवक दबोचा।
ऐसे पहचानें नकली नोट
- बापू के फोटो को हल्के शेड वाली जगह पर तिरछा करके देखें तो वार्टर मार्क दिखाई देगा।
- नोट के एकदम बीच में सीधी लाइन पर ध्यान से देखने पर हिंदी में भारत और आरबीआई लिखा होगा। यह सिक्योरिटी थ्रेड होता है।
- महात्मा गांधी की तस्वीर के बराबर एक लेटेंट इमेज होती है, जिसमें जितने का नोट है, उसकी संख्या लिखी होती है।
- विशेष स्याही के कारण महात्मा गांधी की फोटो, आरबीआई की सील, गवर्नर के साइन छूने पर उभरे हुए दिखाए देंगे।
- 100 रुपए के नोट में ट्राइएंगल वाटर मार्क के बायीं ओर होता है। सभी नोटों में इसका आकार भिन्न होता है।
कोटक महिंद्रा बैंक में नकली नोट मिलने के मामले में ब्रांच ऑपरेशन मैनेजर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पूर्व में 100 रुपये के नकली नोट मिलने पर जेल भेजे गए युवक को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी कि नकली करेंसी किससे प्राप्त करता था।
- गजेंद्र पाल सिंह, एसएचओ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें